जयपुर, 14 फ़रवरी । जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने शनिवार को सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) कार्यालय झोटवाड़ा में जनसुनवाई कर परिवादियों की समस्याएं सुनी और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश भी दिए।
इस दौरान विशेष पुलिस कमिश्नर ऑपरेशंस राहुल प्रकाश,अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर प्रथम मनीष अग्रवाल, पुलिस उपायुक्त पश्चिम हनुमान प्रसाद मीणा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम एवं सहायक पुलिस आयुक्त झोटवाड़ा व संबंधित एसएचओ और थाने के अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने कहा कि जनसुनवाई के दौरान कई परिवादियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया है। उन्होंने कहा कि आमजन को राहत देने के लिए थाना स्तर में प्रतिदिन जनसुनवाई की जा रही है।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान क्षेत्र में आपसी मुकदमें, पारिवारिक विवाद,जमीनी विवाद,मकानों पर कब्जे,अवैध कब्जे,चोरी,मारपीट सहित अन्य शिकायतें प्राप्त हुई। उन्होंने सभी शिकायतों की जांच कर कम से कम समय में निश्चित समयावधि में निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परिवादियों की समस्याओं का तुरंत रिस्पॉन्स देने और निस्तारण करने के भी निर्देश दिए।
इस जनसुनवाई के दौरान पुलिस थाना झोटवाड़ा,करधनी,खोराबीसल, कालवाड़ एवं मुरलीपुरा क्षेत्र के परिवादियों ने अपनी समस्याएं पुलिस कमिश्नर को बताकर समाधान पाया।
जनसुनवाई की खास बात यह रही कि परिवादियों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया और समय लगने वाली अन्य समस्याओं के जल्द समाधान के लिए भी निर्देश दिया गया।