नई दिल्ली, 12 फ़रवरी । एएफसी अंडर-17 महिला एशियन कप 2026 के लिए गुरुवार को मलेशिया के कुआलालंपुर स्थित एएफसी हाउस में आयोजित ड्रॉ में भारत को ग्रुप बी में रखा गया है। भारतीय टीम इस ग्रुप में जापान, ऑस्ट्रेलिया और लेबनान जैसी मजबूत टीमों के साथ मुकाबला करेगी।
टूर्नामेंट का 10वां संस्करण 30 अप्रैल से 17 मई 2026 तक चीन में खेला जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में एशिया की शीर्ष युवा टीमें हिस्सा लेंगी।
ग्रुप इस प्रकार हैं:
ग्रुप ए: चीन, थाईलैंड, वियतनाम, म्यांमार
ग्रुप बी: जापान, ऑस्ट्रेलिया, भारत, लेबनान
ग्रुप सी: उत्तर कोरिया, दक्षिण कोरिया, फिलीपींस, चीनी ताइपे
प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें और दो सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान की टीमें क्वार्टरफाइनल में प्रवेश करेंगी। सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चारों टीमें फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप मोरक्को 2026 के लिए क्वालीफाई करेंगी।
भारत ने अक्टूबर 2025 में खेले गए क्वालीफायर में शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रुप जी में किर्गिज़ गणराज्य और उज्बेकिस्तान को पीछे छोड़ते हुए टूर्नामेंट के लिए जगह बनाई थी। 21 साल बाद भारत ने इस प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।
भारत का कार्यक्रम:
ऑस्ट्रेलिया बनाम भारत
भारत बनाम जापान
भारत बनाम लेबनान
पूर्व इटली अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पामेला कॉन्टी के मार्गदर्शन में भारतीय अंडर-17 टीम ने हाल ही में सैफ अंडर-19 महिला चैंपियनशिप का खिताब जीता था, जहां फाइनल में बांग्लादेश को हराया गया था। टीम अब चीन में अपने इस शानदार अभियान को जारी रखने की उम्मीद करेगी।
———-