मैजेंटा लाइन दिल्ली मेट्रो का सबसे लंबा कॉरिडोर बनने जा रहा : डीएमआरसी - सरस जनवाद

मैजेंटा लाइन दिल्ली मेट्रो का सबसे लंबा कॉरिडोर बनने जा रहा : डीएमआरसी

Share

नई दिल्ली, 11 फ़रवरी । मैजेंटा लाइन दिल्ली मेट्रो का सबसे लंबा (लगभग 89 किलोमीटर) कॉरिडोर बनने जा रहा है, जिसमें 21 इंटरचेंज स्टेशन और 40 भूमिगत स्टेशन होंगे।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के संचार कॉर्पोरेट के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल बुधवार को एक बयान में बताया कि हाल ही में स्वीकृत चरण-5(ए) कॉरिडोर, यानी लाइन 8 (मैजेंटा लाइन) के रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ (सेंट्रल विस्टा होते हुए) तक विस्तार के मद्देनजर, चरण-4 के इंद्रप्रस्थ-इंद्रलोक कॉरिडोर को मैजेंटा लाइन के विस्तार के रूप में कार्यान्वित किया जाएगा। मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई (यानी बॉटनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक) लगभग 89 किलोमीटर होगी, जिससे यह दिल्ली मेट्रो नेटवर्क का सबसे लंबा कॉरिडोर बन जाएगा। यह लाइन बॉटनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक चलेगी और पूरी तरह से चालू होने पर ड्राइवर रहित मेट्रो कॉरिडोर के रूप में काम करेगी।

उन्होंने बताया कि मैजेंटा लाइन में 21 इंटरचेंज स्टेशन होंगे। वर्तमान में चालू खंड में चार इंटरचेंज स्टेशन हैं- कालकाजी मंदिर, बॉटनिकल गार्डन, जनकपुरी पश्चिम और हौज खास। चरण-4 और चरण-5(ए) के तहत अतिरिक्त 17 इंटरचेंज स्टेशन जोड़े जाएंगे। इसमें कालिंदी कुंज, चिराग दिल्ली, टर्मिनल-1 आईजीआई एयरपोर्ट, पीरागढ़ी, पीतमपुरा (मधुबन चौक), हैदरपुर बादली मोड़, मजलिस पार्क, आजादपुर, पुलबंगश, नबी करीम, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, शिवाजी स्टेडियम, केंद्रीय सचिवालय, इंद्रप्रस्थ, दिल्ली गेट, नई दिल्ली और इंद्रलोक शामिल है। इनमें से केंद्रीय सचिवालय, आजादपुर, नई दिल्ली और इंद्रलोक ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन होंगे।

दयाल ने बताया कि इसके पूरा होने पर मैजेंटा लाइन बोटैनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक जाने वाली लाइन में 65 स्टेशन होंगे, जिनमें से 40 भूमिगत स्टेशन होंगे। मैजेंटा लाइन दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के दो महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग मील के पत्थर होने के लिए भी जानी जाती है। इसी कॉरिडोर पर स्थित हैदरपुर बादली मोड़ सबसे ऊंचा (पिलर नंबर 340 पर रेल स्तर की ऊंचाई लगभग 28.362 मीटर है) एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन है। मैजेंटा लाइन पर ही स्थित हौज खास सबसे गहरा (29 मीटर) भूमिगत मेट्रो स्टेशन है।

———–