वरुणावत पर्वत टॉप पर इको पार्क से बढ़ेगा पर्यटन और रोजगार

Share

उत्तरकाशी, 10 फरवरी । इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए उत्तरकाशी जिला प्रशासन ने वरुणावत पर्वत टॉप पर इको पार्क विकसित करने की योजना पर चर्चा की। मंगलवार को जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें पर्यटन विभाग, वन विभाग और होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधि शामिल हुए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इको पार्क का डिज़ाइन आकर्षक, आधुनिक और पूरी तरह इको-फ्रेंडली बनाया जाए ताकि पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का अनुभव कर सकें। पार्क में कैफेटेरिया, बच्चों के लिए झूले, बैठने की व्यवस्था, सेल्फी पॉइंट और सूचना बोर्ड जैसी सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया गया।

इसके अलावा, वरुणावत टॉप तक ट्रेक मार्ग के सुधारीकरण और पर्यटकों की सुरक्षित और सुविधाजनक पहुंच सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि इको पार्क से न केवल पर्यटकों को नया आकर्षण मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

बैठक में जिला पर्यटन विकास अधिकारी केके जोशी, एसडीओ रश्मि धयानि और होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेन्द्र मटूड़ा भी मौजूद थे।