अजमेर, 10 फरवरी। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर ने विद्यार्थियों तक विश्वविद्यालय से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाएं शीघ्र एवं प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से एक आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल प्रारंभ किया है। इस चैनल के माध्यम से परीक्षाओं, प्रवेश प्रक्रिया, छात्रवृत्ति, प्रशासनिक घोषणाओं तथा अन्य आवश्यक सूचनाओं का त्वरित और प्रमाणिक प्रसार किया जाएगा। इसके लिए विश्वविद्यालय द्वारा व्हाट्सअप लिंक और क्यूआर कोड भी जारी किया है।
कुलगुरु प्रो सुरेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि यह डिजिटल पहल विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय के बीच प्रत्यक्ष, पारदर्शी तथा प्रभावी संवाद स्थापित करने में सहायक होगी। इससे छात्रों को समय पर महत्वपूर्ण सूचनाएं प्राप्त होंगी और सूचना प्रवाह अधिक सुव्यस्थित एवं सशक्त बनेगा।
विश्वविद्यालय ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने नोटिस बोर्ड, सोशल मीडिया तथा अन्य माध्यमों से इस चैनल की जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाएं और अधिक से अधिक छात्रों को इससे जुड़ने के लिए प्रेरित करें, ताकि छात्र हित में जारी होने वाली प्रत्येक सूचना तुरंत उपलब्ध हो सके।
प्रशासन ने आशा व्यक्त की है कि इस आधुनिक संचार पहल से विश्वविद्यालय, महाविद्यालयों और विद्यार्थियों के बीच संवाद व्यवस्था और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनेगी।