अमृतसर में आईएसआई की आतंकी साजिश नाकाम, एक व्यक्ति गिरफ्तार

Share

चंडीगढ़, 10 फ़रवरी । अमृतसर के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) ने आरडीएक्स आधारित इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार करके पाकिस्तान की आईएसआई समर्थित आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि अमृतसर के चमरंग रोड निवासी राहुल कुमार उर्फ गज्जू को गिरफ्तार किया गया है। वह अमृतसर के एक सैलून में सहायक के रूप में काम करता है। प्रारंभिक जांच के अनुसार वह पाकिस्तानी हैंडलरों के निर्देश पर काम करने वाले एक विदेशी हैंडलर के संपर्क में था। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ है कि राहुल ने अपने विदेशी हैंडलर के निर्देश पर शहर के बाहरी इलाके में एक निर्धारित स्थान से खेप प्राप्त की थी। उन्होंने आगे कहा कि डिवाइस को पीवीसी पाइप की केसिंग में छिपाया गया था, ताकि इसका पता न चल सके। डीजीपी ने कहा कि आईईडी की डिलीवरी के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है।