नक्षत्र मालाकार की आदमकद प्रतिमा लगाने की मांग को लेकर चेयरमैन को ज्ञापन

Share

अररिया 10 फरवरी। फारबिसगंज नगर परिषद क्षेत्र के सार्वजनिक स्थान पर अमर स्वतंत्रता सेनानी नक्षत्र मालाकार की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर माली (मालाकार) कल्याण समिति ने मुख्य पार्षद वीणा देवी को आज एक ज्ञापन सौंपा। समिति के जिलाध्यक्ष सत्यवान मालाकार के नेतृत्व में पांच सदस्यीय कमिटी ने मुख्य पार्षद को उनके आवास पर ज्ञापन सौंपा।

मुख्य पार्षद को सौंपे गए ज्ञापन में समिति ने बताया कि नक्षत्र मालाकार का संपूर्ण जीवन देश की आजादी की लड़ाई और कोशी एवं सीमांचल के लिए समर्पित रहा है।अत्यंत पिछड़े, दलित एवं सामाजिक रूप से दबे कुचले वर्ग के उत्थान के लिए उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के साथ नमक सत्याग्रह तो जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में लड़ी गई संपूर्ण क्रांति में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। देश की आजादी के साथ सामंती महाजनी एवं प्रतिभागी शक्तियों के खिलाफ सदैव लड़ते रहे। झूठे मुकदमे के कारण उन्होंने 14 साल का आजीवन कारावास की सजा भी भुगती। सजा काटकर बाहर आने के बाद भी उनका संघर्ष जारी रहा। उनका जीवन उत्तर बिहार में सामाजिक समानता स्थापित करने के प्रति समर्पित रहा।

समिति के प्रतिनिधि मंडल में जिलाध्यक्ष सत्यवान मालाकार, महामंत्री संतोष कुमार मालाकार, गोपाल मालाकार, जनार्दन मालाकार और रामप्रवेश मालाकार शामिल थे।