ग्वालियर, 10 फरवरी । मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा में मंगलवार को नवग्रह शक्ति पीठ में कलश वितरण के अवसर पर हुई दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं व एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हुईं हैं। इसके साथ ही चार अन्य महिलाओं को मामूली चोट आई हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को दुर्घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए मृतक महिला के परिजन को चार लाख रुपये एवं गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को एक – एक लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। इसके साथ ही गंभीर सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार कराने के निर्देश भी दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, डबरा में मंगलवार को नवग्रह शक्ति पीठ में कलश यात्रा के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्रित हुई थीं। इस दौरान कलश वितरण के अवसर पर अचानक भगदड़ मच गई। इस घटना में एक महिला की मौत दो महिलाएं व एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हुईं हैं। इसके साथ ही चार अन्य महिलाओं को मामूली चोट आई है। घटना में गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं एवं एक बच्ची को तत्काल ग्वालियर स्थित अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार प्रारंभ कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर रुचिका चौहान ग्वालियर स्थित एप्पल अस्पताल एवं जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर पहुँचीं और घटना में घायल मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि घायलों का उपचार सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किया जाए। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. सचिन श्रीवास्तव सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी भी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने इसके पश्चात डबरा पहुंचकर नवग्रह शक्ति पीठ पर आयोजित कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने डबरा चिकित्सालय पहुँचकर चिकित्सकों से भी चर्चा की। चिकित्सकों द्वारा बताया गया कि सुबह की घटना में चार महिलाओं को मामूली चोट आई थी, जिनका उपचार किया गया। उपचार के पश्चात चारों महिलायें अपने निवास के लिये रवाना हो गई हैं।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने डबरा में निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया है कि धार्मिक आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके पुख्ता प्रबंध किए जाएं। सुरक्षा की दृष्टि से भी पुलिस विभाग के साथ समन्वय कर हर संभव प्रयास किए जायें। इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए। डबरा निरीक्षण के दौरान एडिशनल कलेक्टर कुमार सत्यम, एडीएम सीबी प्रसाद, डबरा एसडीएम सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
प्रभारी मंत्री सिलावट ने घायलों के नि:शुल्क उपचार के दिए निर्देश
जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने घटना की सूचना मिलते ही चिंता व्यक्त करते हुए जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की और घायलों के समुचित उपचार के दिशा-निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी चर्चा कर मृतक के परिजनों एवं घायलों को शासन की ओर से सहायता देने का आग्रह किया।