रायगढ़ : होटल ट्रिनिटी के स्पा सेंटर पर पुलिस का छापा, संचालक व होटल मैनेजर गिरफ्तार

Share

रायगढ़ 10 फ़रवरी । छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के होटल ट्रिनिटी में संचालित सनराइज स्पा एंड सैलून का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने स्पा सेंटर के संचालक और होटल मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई साेमवार शाम होटल की सातवीं मंजिल पर की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह आज मंगलवार काे खुलासा करते हुए बताया कि होटल ट्रिनिटी स्थित स्पा सेंटर में ग्राहकों को लड़कियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर स्पा सेंटर भेजा। जैसे ही अवैध गतिविधि की पुष्टि हुई, पुलिस टीम ने शाम करीब साढ़े सात बजे होटल में दबिश दी। छापेमारी के दौरान होटल के तीन अलग-अलग कमरों से तीन महिलाएं मिलीं। महिला पुलिसकर्मियों द्वारा मर्यादा का ध्यान रखते हुए तलाशी ली गई, जहां से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। पूछताछ में स्पा संचालक विनयकांत बरगट ने अवैध देह व्यापार संचालित करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने होटल मैनेजर देवेन्द्र सिंह को भी हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में देह व्यापार, जुआ-सट्टा, अवैध शराब जैसे किसी भी अनैतिक एवं अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। ऐसे कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।