फतेहाबाद, 09 फरवरी । शेयर बाजार में निवेश एवं आईपीओ में अधिक मुनाफा दिलाने के नाम पर की गई लाखों की साइबर ठगी के मामले में थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद पुलिस ने एक युवक को काबू किया है। आरोपी की पहचान कमलेश कुमार कुमावत निवासी गांव नौरंगपुरा, जिला जयपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। सोमवार को थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक राहुल देव ने बताया कि यह मामला साइबर पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता प्रदीप कुमार निवासी ठाकर बस्ती, फतेहाबाद, ने बताया कि उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप ए-48 नादिर वर्मा लर्निंग नॉलेज एंड बुक रिलीज में जोड़ा गया, जहां शेयर बाजार में निवेश कर अधिक लाभ कमाने का लालच देकर विभिन्न बैंक खातों एवं यूपीआई माध्यम से राशि स्थानांतरित करवाई गई। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने एक फर्जी मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से शिकायतकर्ता को लगातार मुनाफा दिखाया और अलग-अलग तिथियों में रोहन एंटरप्राइजेज, सिटी होमलैंड रियल एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड, मोर मिट्टी कैफे सहित अन्य खातों में कुल 23 लाख 89 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। बाद में जब शिकायतकर्ता को किसी भी प्रकार की राशि वापस प्राप्त नहीं हुई, तब उसे अपने साथ साइबर ठगी होने का अहसास हुआ। शिकायत व जांच के आधार पर पुलिस ने इस बारे 26 दिसंबर 2025 को केस दर्ज किया था। इस मामले में जांच करते हुए पुलिस ने एक युवक को दबोच लिया है।