लाइसेंसधारी हथियारों को जमा करने का निर्देश जारी करे राज्य प्रशासन: आदित्य साहू

Share

रांची, 09 फरवरी । झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि राज्य में आगामी 23 फरवरी को निकाय चुनाव होने हैं और 48 निकाय क्षेत्रों में चुनाव प्रचार पहले ही शुरू हो चुका है।

आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने अभी तक लाइसेंस युक्त हथियार धारकों को थाना में हथियार जमा कराने का आदेश जारी नहीं किया है। उन्होंने कहा कि इससे ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार गोली, बंदूक और भय के माहौल में निकाय चुनाव कराना चाहती है।

साहू ने कहा कि राज्य में अपराधियों का मनोबल पहले से ही बढ़ा हुआ है और राज्य सरकार उसका संरक्षक बनी हुई है। उनका यह भी आरोप है कि इस संरक्षण का लाभ राज्य सरकार अपने समर्थित उम्मीदवारों को चुनाव में फायदा पहुँचाने के लिए उठाना चाहती है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार से आग्रह किया है कि अविलंब लाइसेंसधारी हथियारों को थाना में जमा कराने का निर्देश जारी किया जाए, ताकि आगामी निकाय चुनाव निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।————-