उत्तर बिहार में कोहरे का कहर , विजिबिलिटी शून्य के करीब होने से सड़कों पर रेंग रहे वाहन

Share

पटना, 09 फ़रवरी । उत्तर बिहार के अधिकतर जिलों में सोमवार सुबह प्रकृति का दोहरा वार देखने को मिला। एक तरफ जहां न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, वहीं घने कोहरे की सफेद चादर ने रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। मुजफ्फरपुर, दरभंगा,सीतामढ़ी सहित अधिकतर जिले कोहरे की आगोश में है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, आज मुजफ्फरपुर का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। दरभंगा की बात करे तो यहां का अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहेगा। इसी तरह उत्तर बिहार के अधिकतर जिलों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सुबह से ही 6 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है। पछुआ हवाओं ने वातावरण में कनकनी बढ़ा दी है। ठंडी हवा और नमी के कारण लोगों को घर से बाहर निकलने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

सुबह टहलने निकलने वाले लोग और कामगार ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते देखे गए।

आज की सुबह की सबसे बड़ी चुनौती ‘लो विजिबिलिटी’ रही। घना कोहरा इतना गहरा है कि महज कुछ मीटर की दूरी पर भी देखना मुश्किल हो रहा है। इसका सीधा असर सड़कों पर यातायात पर पड़ा है। एनएच-28 और एनएच-57 समेत उत्तर बिहार की मुख्य सड़कों पर गाड़ियां रेंगती नजर आईं। विजिबिलिटी कम होने के कारण बस और ट्रक चालकों को दिन में भी अपनी हेडलाइट्स और फॉग लाइट्स जलानी पड़ रही है। लंबी दूरी की गाड़ियां अपने तय समय से काफी देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर भारी परेशानी हो रही है।

मौसम विभाग और यातायात पुलिस ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे सड़कों पर सुरक्षित दूरी बनाए रखें और इंडिकेटर का प्रयोग करें। चिकित्सकों ने भी बुजुर्गों और बच्चों को इस कड़ाके की ठंड और कोहरे में घर के अंदर रहने की सलाह दी है, क्योंकि गिरता तापमान सांस और हृदय रोगियों के लिए जोखिम भरा हो सकता है। आने वाले 24 घंटों में मौसम के इसी तरह बने रहने की संभावना है। फिलहाल, मुजफ्फरपुर वासियों के लिए आज की सुबह ठिठुरन और धुंध भरी चुनौतियों के साथ आई है।

रविवार को राज्य के प्रमुख शहरों का तापमान

गयाजी 27.0 11.0

पटना 25.5 13.4

भागलपुर 25.1 10.8

मुजफ्फरपुर 22.8 13.2