फतेहाबाद : फर्जी बोर्ड सर्टिफिकेट के नाम पर ठगी का आरोपी गिरफ्तार

Share

फतेहाबाद, 08 फरवरी । शैक्षणिक धोखाधड़ी के मामले में कार्रवाई करते हुए इकोनॉमिक सेल फतेहाबाद ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। रविवार को इकोनॉमिक सेल फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि यह मामला 15 दिसंबर 2025 को मिली शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था। हरियाणा मानव अधिकार आयोग, चंडीगढ़ के आदेशानुसार गठित विशेष जांच टीम द्वारा की गई जांच में खुलासा हुआ कि शिकायतकर्ता के बच्चों को चेन्नई बोर्ड के नाम पर फर्जी शैक्षणिक प्रमाण पत्र उपलब्ध करवाए गए। शिकायतकर्ता दलबीर सिंह निवासी गांव सिरढान, जिला फतेहाबाद ने बताया कि आरोपियों ने उनके पुत्र व पुत्री को 10वीं एवं अन्य कक्षाओं के फर्जी प्रमाण पत्र देकर उनसे 90 हजार रुपये की ठगी की है। इस मामले में शिकायत के बाद भट्टूकलां पुलिस ने प्राथमिक जांच की। विशेष जांच टीम की प्रारंभिक रिपोर्ट में आरोप सही पाए जाने पर थाना भट्टूकलां में 20 जनवरी को केस दर्ज किया गया था। इस मामले में बाद में इकोनॉमिक सेल फतेहाबाद को जांच सौंपी गई। इकोनॉमिक सेल की टीम ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी मांगेराम निवासी नाथूसरी चौपटा, जिला सिरसा को काबू किया है। अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।