अनूपपुर, 08 फ़रवरी । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना अंतर्गत शनिवार- रविवार की रात्रि बैहाटोला गांव में 11हजार केव्ही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से ठेका कर्मचारी 29 वर्षीय युवक की करंट लगने से खंभे में ही चिपकने से मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को पंचनामा उपरांत शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों सौप कर मर्ग कायम करते हुए जांच प्रारंभ कर दी हैं।
यह है मामला
बैहाटोला गांव में शनिवार शाम से बिजली बंद होने पर कौशल केवट, गोपाल सिंह एवं राजेश तोमर रात 12 बजे सुधार करने पहुंचे थे। इस दौरान ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों ने बिजली बंद की परमिट लिए जाने के बाद भी विद्युत अधिकारियों ने 11 हजार लाइन में करेंट शुरू कर दिया, जिससे पोल में चढ़े कौशल केवट एवं गोपाल झुलस गए। करंट लगने के बाद घायलों को कर्मचारियों ने नीचे उतारते हुए इलाज के लिए बैहाटोला, मनेद्रगढ़ एवं आमाखेरवा अस्पताल ले जाते हुए रात भर भटकते रहे। बाद में कोतमा अस्पताल में लाया गया, जहां कौशल केवट निवासी पथरौडी को जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। गोपाल को कोतमा चिकित्सा लय में भर्ती कराया गया जहां इलाज जारी है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
कौशल केवट की मौत से परिवार पर दुखो का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी सहित 2 बच्चों के भरण पोषण की जिम्मेदारी उसी पर थी। घटना से परिजनों का हाल बेहाल है पूरे गांव में संनाटा पसरा है। मृतक की 7 वर्षीय बेटी एवं 4 वर्षीय बेटे के सर से पिता का साया उठने से उपस्थित सभी लोगों की आंखे नम हो गई।
ग्रामीणों में आक्रोश
इस घटना के बाद परिजनों एवं ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। कोतमा स्वास्थ्य केंद्र में भीड़ ने एकत्र होकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर प्रदर्शन भी किया। घटना के 12 घंटे बाद भी किसी जिम्मेदार अधिकारियों के ना आने से लोग आक्रोशित रहे। बाद में विभाग अधिकारी पहुंचे पर दोषियों पर कार्रवाई एवं सहायता राशि दिए जाने के आश्वासन के बाद पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार किया गया।