शिमला, 08 फ़रवरी । हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में भी नाबालिग किशोरों के लापता होने की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रही हैं, जिनमें कई बार एक से अधिक बच्चों के एक साथ गायब होने से पुलिस के सामने गंभीर चुनौती खड़ी हो जाती है। ऐसा ही एक मामला जिला शिमला के ठियोग क्षेत्र से सामने आया है।
जानकारी के अनुसार एक महिला और उसके पति खेत में काम करने के लिए गए थे और उन्होंने अपनी दो बेटियों को उनकी नानी के पास छोड़ दिया था। शाम को लौटने पर उनमें से एक 16 वर्षीय लड़की लापता मिली। परिवार ने तुरंत आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन शुरू की।
खोज के दौरान यह भी पता चला कि उसी इलाके में रहने वाली दो अन्य महिलाओं की 12 और 13 वर्ष की बेटियां भी उसी समय से गायब हैं। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन तीनों लड़कियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
इस मामले में थाना ठियोग में बीएनएस की धारा 137(2) में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।