भारतीय संस्कृति को बचाने के लिए परिवार व्यवस्था को सुधारना आवश्यक: राकेश लाल

Share

रांची, 08 फरवरी । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर रविवार को रातु रोड स्थित अलकापुरी में सर्व हिन्दू समाज की ओर से हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित आरएसएस बिहार–झारखंड क्षेत्र के सद्भाव प्रमुख राकेश लाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति की रक्षा के लिए सबसे पहले परिवार व्यवस्था को सुदृढ़ करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जन्मदिन जैसे आयोजनों को स्वदेशी परंपराओं के अनुसार मनाना चाहिए। साथ ही उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए पेड़ लगाने, जल संरक्षण और प्लास्टिक के उपयोग को रोकने जैसे तीन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया।

इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत मनीष सिन्हा के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने हिंदू संस्कृति के महत्व और उसके संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। कॉलोनी की बच्चियों द्वारा प्रस्तुत मधुर गीतों ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया और उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।

इस अवसर पर यह भी जानकारी दी गई कि पूरे रांची महानगर में 156 स्थानों पर हिंदू संगम का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में एक मार्च को चुटिया स्थित शास्त्री मैदान में भव्य विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें श्रीराम मंदिर से निकलने वाली शोभा यात्रा, धर्म ध्वज पूजन, गो पूजन, महिला पुरोहितों द्वारा यज्ञ और संतों के आशीर्वचन जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे।

विराट हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति के संयोजक गिरधारी महतो ने प्रचार विभाग के माध्यम से इसकी जानकारी देते हुए सभी हिंदुओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।————-