नोएडा, 08 फ़रवरी । थाना सेक्टर 142 क्षेत्र में स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डिंग की शटरिंग गिरने की वजह से 3 मजदूर घायल हो गए। उपचार के दौरान दो मजदूरों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में सुपरवाइजर और ठेकेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहां काम कर रहे लोगों का आरोप है कि कंस्ट्रक्शन साइट पर सुरक्षा के पूरे उपाय नहीं थे।
पुलिस उपायुक्त जोन द्वितीय शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि थाना सेक्टर 142 क्षेत्र के सेक्टर 142 में निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम करते समय रविवार की शाम को शटरिंग गिर गई, जिसकी वजह से 3 मजदूर मंटू सिंह उम्र 44 वर्ष, शिबू उम्र 24 वर्ष तथा मिथुन उम्र 40 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि उपचार के लिए अस्पताल में उन्हें भर्ती करवाया गया, जहां पर दो मजदूरों मंटू सिंह और शिबू की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कंस्ट्रक्शन साइट के सुपरवाइजर और ठेकेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।