यमुनानगर, 08 फ़रवरी । यमुनानगर में शनिवार देर रात हुई दो अलग-अलग फायरिंग की घटनाओं के बाद रविवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस कार्रवाई में तीनों आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। मुठभेड़ के दौरान करीब 25 से 30 राउंड गोलियां चलीं, जिसमें दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जबकि तीसरा आरोपी बाइक से गिरकर घायल हो गया।
तीनों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात सबसे पहले रेलवे रोड स्थित एक निजी मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल में बाइक सवार हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग की। रिसेप्शन क्षेत्र के पास की गई इस गोलीबारी में कई गोलियां दीवारों और फर्नीचर में लगीं। सौभाग्यवश उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इसके कुछ समय बाद शहर के सिटी मॉल क्षेत्र के बाहर भी फायरिंग की गई। यहां तीन से चार राउंड गोलियां चलने से मॉल के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने मौके से कुछ संदिग्ध सामग्री कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। दोनों घटनास्थलों की दूरी को देखते हुए पुलिस को शुरू से ही एक ही गिरोह की संलिप्तता की आशंका थी। घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें सक्रिय हो गईं और शहरभर में नाकाबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। रविवार अलसुबह पुलिस को सूचना मिली कि फायरिंग में शामिल आरोपी यमुनानगर के बाहरी क्षेत्र में मौजूद हैं। घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसके बाद तीनों आरोपियों को काबू कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी रंगदारी के उद्देश्य से दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का आपराधिक नेटवर्क कितना व्यापक है और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।