पलामू, 07 फ़रवरी । निकाय चुनाव को लेकर पलामू जिले के पांच निकाय क्षेत्र मेदिनीनगर नगर निगम, विश्रामपुर नगर पर्षद, छतरपुर, हुसैनाबाद एवं हरिहरगंज नगर पंचायत के 718 उम्मीदवारों को चुनाव चिन्हों का आवंटन शनिवार को हो गया। इसके साथ ही चुनाव प्रचार की शुरूआत भी हो गयी। इनमें मेयर और अध्यक्ष पद मिलाकर 73 उम्मीदवार हैं जबकि वार्ड पार्षद के 645 प्रत्याशी शामिल हैं। वार्ड पार्षद पद के चार उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त समीरा एस ने शनिवार शाम पांच बजे समाहरणालय में पत्रकारों को बताया कि निगम के मेयर पद के लिए 11 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है, जबकि विश्रामपुर नगर पर्षद के अध्यक्ष पद के लिए 21, हुसैनाबाद नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सात, हरिहरगंज नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 10 और छतरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 24 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
वार्ड पार्षद की बात करें तो नगर निगम मेदिनीनगर में 180, बिश्रामपुर नगर पर्षद में 135, हुसैनाबाद नगर पंचायत में 77, हरिहरगंज नगर पंचायत में 106 और छतरपुर नगर पंचायत में 147 उम्मीदवार चुनाव मैदान में किस्मत आजमाएंगे।
सभी को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया गया। निर्धारित संख्या में ही वाहनों का इस्तेमाल चुनाव प्रचार के लिए किया जा सकेगा। निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि नगर निगम मेयर छह गाड़ी, पार्षद चार, विश्रामपुर अध्यक्ष चार, पार्षद तीन, नगर पंचायत अध्यक्ष तीन, पार्षद दो वाहनों का इस्तेमाल करेंगे। इसके अतिरिक्त अगर वाहनों का इस्तेमाल चुनाव प्रचार के लिए किया जाएगा तो मामले में प्राथमिकी दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।