रांची, 07 फरवरी । झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार पिछले छह वर्षों से जनता को धोखा दे रही है और पूरी तरह भ्रष्टाचार में लिप्त है।
शनिवार को चतरा और रामगढ़ में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलनों को संबोधित करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि राज्य के आदिवासी, दलित और पिछड़े समाज के लोग खुद को ठगा और प्रताड़ित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में उद्योग-धंधे बंद हो रहे हैं, उद्योगपति और व्यापारी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं तथा फिरौती और धमकी की घटनाएं बढ़ी हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि व्यापारी वर्ग अपराधियों से परेशान है, जबकि मुख्यमंत्री व्यापारियों को अपमानित करने में लगे हैं। किसानों के मुद्दे पर साहू ने कहा कि राज्य सरकार ने 3200 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीद का वादा किया था, जो पूरी तरह विफल साबित हुआ। किसान आज भी दलालों और बिचौलियों के माध्यम से धान बेचने को मजबूर हैं।
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि राज्य में आदिवासी जमीन की लूट हो रही है और पेसा नियमावली के मामले में भी जनजातीय समाज के साथ धोखा किया गया है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में जनता के पास सरकार को जवाब देने का अवसर है।
केंद्र सरकार के बजट की सराहना करते हुए साहू ने कहा कि यह लोककल्याणकारी बजट है, जो विकसित भारत के लक्ष्य को गति देगा। उन्होंने कहा कि बजट में झारखंड के लिए भी कई संभावनाएं हैं, जिनका लाभ राज्य सरकार को उठाना चाहिए।