धमतरी : म्यूल अकाउंट धारक युवक गिरफ्तार, भेजा गया जेल

Share

धमतरी , 07 फ़रवरी । रुपये के लालच में आकर अपना बैंक खाता किराये पर देने वाले म्यूल अकाउंट धारक युवक को मगरलोड पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित युवक को पुलिस ने आज शन‍िवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मगरलोड पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अपना बैंक खाता किसी को किराये पर देना अपराध है। इसी क्रम में थाना मगरलोड द्वारा एक म्यूल अकाउंट धारक के विरुद्ध पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने बताया कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल के माध्यम से प्राप्त अनलाजमेंट नंबर के आधार पर म्यूल अकाउंट लेयर-एक के खाताधारक का अवलोकन किया गया, जिसमें यह तथ्य सामने आया कि नौ जनवरी को बैंक आफ बड़ौदा मेघा शाखा, थाना मगरलोड के एक खाते में 24 हजार रुपये की राशि आनलाइन ठगी के माध्यम से प्राप्त की गई है। जांच में पाया गया कि यह खाता धमेन्द्र कुमार साहू 27 वर्ष निवासी बेलोरा, थाना मगरलोड, जिला धमतरी के नाम पर दर्ज है।

विवेचना के दौरान पता चला है कि एक व्यक्ति द्वारा धनलक्ष्मी बैंक से लोन दिलाने का झांसा देकर पीड़िता का मोबाइल लेकर आनलाइन लोन आवेदन के बहाने फोन-पे का पासवर्ड प्राप्त कर, आरोपित के खाते के क्यूआर कोड के माध्यम से 24,000 रुपये की धोखाधड़ी की गई। बैंक स्टेटमेंट के अवलोकन से यह पुष्टि हुई कि यह राशि यूपीआई ट्रांजेक्शन के माध्यम से आरोपित के खाते में प्राप्त हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपित द्वारा च्वाइस सेंटर संचालन से संबंधित शासन की गाइडलाइन अथवा लेन-देन से जुड़ा कोई रजिस्टर संधारित नहीं किया जाना स्वीकार किया गया है। आरोपित द्वारा क्यूआर कोड के माध्यम से अपने मोबाइल में राशि प्राप्त करना भी स्वीकार किया गया है, जिसके आधार पर संबंधित मोबाइल फोन जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ जुर्म दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

क्या है म्यूल अकाउंट:

पुलिस ने बताया कि म्यूल अकाउंट ऐसा बैंक खाता होता है, जिसे कोई व्यक्ति अपने नाम से खोलकर या अपना खाता दूसरों को इस्तेमाल करने देता है, ताकि अपराध से कमाए गए पैसों का लेन-देन किया जा सके। अक्सर साइबर ठग ऐसे खातों का उपयोग आनलाइन ठगी, फर्जी निवेश, लोन ऐप, ओटीपी फ्राड आदि में करते हैं। कई बार खाताधारक को लालच देकर या झांसा देकर फंसाया जाता है, लेकिन कानूनी जिम्मेदारी खाताधारक की ही होती है। ऐसे में पुलिस ने म्यूल अकाउंट से बचने के लिए सभी वर्गाें से अपील की है।