वन्यजीव संरक्षण, फिटनेस और पर्यटन को एक साथ जोड़ने वाली देश की पहली अलवर टाइगर मैराथन का आयोजन रविवार, 8 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किया जाएगा। इस मेगा इवेंट में देश-विदेश से आए नामचीन एथलीटों के साथ-साथ 18,500 से अधिक धावक भाग लेंगे। आयोजकों के अनुसार प्रतिभागियों की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में लगभग दोगुनी है, जो इस आयोजन की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती है।
अलवर टाइगर मैराथन के संयोजक अरुण जैन ने बताया कि यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि टाइगर संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता का जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि 8 फरवरी का दिन अलवर को फिटनेस, विकास और वन संरक्षण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने वाला साबित होगा।
मैराथन की विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं को कुल 90 लाख 37 हजार 500 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। ओवरऑल मैराथन पुरुष और महिला वर्ग में 18-18 लाख रुपये तथा हाफ मैराथन में पुरुष-महिला वर्ग के लिए 18.10 लाख रुपये की इनामी राशि निर्धारित की गई है। इसके अलावा फोर्स रन, 10 किलोमीटर रन, कॉरपोरेट रन और पैरा रन में भी आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। इतनी बड़ी पुरस्कार राशि के कारण अलवर टाइगर मैराथन देश की प्रमुख मैराथनों में शामिल हो गई है।
मैराथन में केन्या और इथियोपिया सहित कई देशों के विश्वस्तरीय एथलीट भी हिस्सा लेंगे, जिनका अंतरराष्ट्रीय मैराथन और हाफ मैराथन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट रिकॉर्ड रहा है। आयोजकों का मानना है कि इन एलीट धावकों की भागीदारी से अलवर टाइगर मैराथन को वैश्विक पहचान मिलेगी।
वी-शक्ति संस्था की संस्थापक प्रज्ञा यादव ने बताया कि इस बार करीब 500 दिव्यांगजन पैरा मैराथन में भाग लेकर समावेशी भारत और आत्मनिर्भरता का संदेश देंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के मार्गदर्शन में यह आयोजन अलवर के समग्र विकास को नई दिशा देगा।
मैराथन कार्यक्रम के अनुसार हाफ मैराथन एलीट पुरुषों और महिलाओं की कॉल टाइम सुबह 5 बजे रखी गई है, जबकि दौड़ क्रमशः सुबह 6 बजे और 6 बजकर 2 मिनट पर शुरू होगी। 10 किलोमीटर ओपन रन सुबह 7 बजकर 10 मिनट, कॉरपोरेट रन 7 बजकर 15 मिनट, 5 किलोमीटर शक्ति रन सुबह 8 बजे तथा 2 किलोमीटर पैरा रन सुबह 8 बजकर 45 मिनट पर प्रारंभ होगा। सभी दौड़ प्रताप ऑडिटोरियम के बाहर से शुरू होंगी।
भाजपा के मीडिया प्रभारी लक्ष्मीनारायण गुप्ता ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि होंगे, जबकि उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव, ब्रांड एंबेसडर रणदीप हुड्डा तथा राज्य वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे
।