देहरादून, 06 फ़रवरी । केंद्र सरकार ने आवास और शहरी विकास विभाग में किए गए सुधारों के लिए उत्तराखंड को 264.5 करोड़ की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की है। यह राशि स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इनवेस्टमेंट 2025-26 के तहत केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय की ओर से दी गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार का आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार केंद्र के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विभिन्न विभागों में सुधारों को लागू कर रही है। इससे पहले खनन क्षेत्र में सुधारों के लिए भी उत्तराखंड को केंद्र से 200 करोड़ की प्रोत्साहन राशि मिल चुकी है।
अधिकारियों के अनुसार, शहरी विकास विभाग को जीआईएस आधारित यूटिलिटी मैपिंग के लिए 3 करोड़, सरकारी भूमि और भवनों की मैपिंग के लिए 6.5 करोड़ तथा नगर निकायों की आय बढ़ाने के लिए 10 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।