जेडीसी ने किया हीरापुरा-अजमेर रोड बस टर्मिनल का निरीक्षण, यात्रियों की सुविधाओं के लिए विकास कार्यों को दी मंजूरी

Share

जेडीसी सिद्धार्थ महाजन ने शुक्रवार को हीरापुरा-अजमेर रोड स्थित बस टर्मिनल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान यात्रियों की सुविधाओं और टर्मिनल के बेहतर संचालन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

इस दौरान जेडीए के अभियंतागण एवं संबंधित अधिकारीगण, आरएसबीटीडीए (RSBTDA) और आरएसआरटीसी (RSRTC) के अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

आरएसबीटीडीए सचिव द्वारा पूर्व में जेडीसी को पत्र लिखकर कुछ अतिरिक्त विकास कार्यों का अनुरोध किया गया था, जिसके क्रम में जेडीसी द्वारा बस टर्मिनल का दौरा किया गया।

मौका निरीक्षण के दौरान आयुक्त महोदय ने यात्रियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विभिन्न विकास कार्यों को करवाने पर सहमति व्यक्त की।

विकास कार्यों के अंतर्गत जल भंडारण हेतु भूमिगत टैंक का निर्माण, प्रवेश एवं निकास द्वार पर बूम बैरियर लगाना, परिसर में हैलोजन लाइट और सीलिंग फैन कार्य, यात्रियों के लिए मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, वातानुकूलित प्रतीक्षालय का निर्माण, सामान रखने हेतु क्लॉक रूम, माताओं के लिए फीडिंग रूम, प्लेटफॉर्म शेड को नीचा करने का कार्य, अधिकारियों के लिए निर्मित भवन पर अतिरिक्त मंजिल का निर्माण करवाया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने समस्त नए कार्यों हेतु नवीन निविदाएं शीघ्र आमंत्रित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण में पाया गया कि अधिकारियों के लिए बनाए गए 8 कमरों में से वर्तमान में 6 कमरों का उपयोग नहीं हो रहा है। जेडीसी ने संसाधनों के सदुपयोग के निर्देश देते हुए निर्देश दिए कि इन निर्मित कमरों में ही ‘क्लॉक रूम’ और ‘फीडिंग रूम’ बनाए जाएं, ताकि यात्रियों को तत्काल सुविधा मिल सके।

उल्लेखनीय है कि हीरापुरा बस टर्मिनल का संचालन 16 जनवरी, 2026 से शुरू हो चुका है। जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा इस बस टर्मिनल के विकास कार्यों पर पूर्व में लगभग 11 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जा चुकी है।