भागलपुर, 06 फ़रवरी । साईबर थाना भागलपुर ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। शेयर बजार में निवेश के नाम पर 45 लाख रूपये की ठगी के मामले में एक अभियुक्त को धनबाद (झारखण्ड) से गिरफ्तार किया गया है। उक्त आशय की जानकारी शुक्रवार को एसएसपी कार्यालय से दी गई।
उल्लेखनीय है कि वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर भागलपुर के निगरानी एवं पुलिस उपाधीक्षक-सह-थानाध्यक्ष साईबर थाना भागलपुर के नेतृत्व में साइबर अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम का गठन किया गया था। गठित टीम के द्वारा साइबर थाना कांड में शामिल अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी के लिए लागातार छापामारी किया जा रहा था। इसी क्रम में शुक्रवार को तकनीकी अनुसंधान के क्रम में यह ज्ञात हुआ की उक्त कांड में संलिप्त एक अपराधकर्मी श्रीकांत कुमार सिंह राज्य झारखण्ड के धनबाद में छिपा हुआ है। गठित टीम के द्वारा उक्त सूचना का सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के क्रम में इस कांड में संलिप्त आपराधकर्मी श्रीकांत कुमार सिंह धनबाद राज्य-झारखण्ड से विधिवत् गिरफ्तार कर इस संबंध में आवश्यक पूछ-ताछ कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।