10वीं और जमा दो की बोर्ड परीक्षाओं में करीब 1.84 लाख परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

Share

धर्मशाला, 06 फ़रवरी । प्रदेश में तीन मार्च से आरंभ होने वाली दसवीं और जमा दो की वार्षिक परीक्षाओं में इस बार करीब एक लाख 84 हजार परीक्षार्थी भाग लेंगे। वार्षिक परीक्षाओं से पहले प्रेक्टिकल परीक्षाएं 20 से 28 फरवरी तक संपन्न करवाई जाएंगी। वार्षिक परीक्षाओं के लिए बोर्ड की ओर से 2384 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। साथ ही परीक्षाओं के उपरांत उत्तरपुस्तिकाओं की चेकिंग के लिए 41 स्थल मूल्यांकन केंद्र प्रदेश भर में स्थापित किए गए हैं। पिछले कुछ वर्षों की तरह इस बार भी बोर्ड ने दसवीं और बारहवीं का परीक्षा परिणाम 30 अप्रैल तक घोषित करने का लक्ष्य तय किया है।

वार्षिक परीक्षाओं हेतू बोर्ड द्वारा हर परीक्षा केंद्र में सीसीटीवी कैमरा अनिवार्य किए गए हैं। नकल रोकने के लिए बोर्ड की ओर से जहां फ्लाइंग स्क्वायड बनाए जाएंगे, वहीं परीक्षा केंद्रों की लाइन मॉनिटरिंग के लिए बड़े स्तर पर मॉनिटरिंग सेंटर भी स्थापित किया जाएगा।

शिक्षा निदेशालय लगाएगा शिक्षकों की डयूटी

इस बार उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए बोर्ड को शिक्षकों की उपलब्धता की समस्या रहती थी, जिस पर बोर्ड ने शिक्षा निदेशालय से आग्रह किया था। शिक्षा बोर्ड के आग्रह पर शिक्षा निदेशक की ओर से हामी भरी गई है कि स्थल मूल्यांकन केंद्रों में शिक्षकों की डयूटी शिक्षा निदेशालय की ओर से लगाई जाएंगी।

उधर हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डा. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि तीन मार्च से आरंभ हो रही वार्षिक परीक्षाओं में जमा दो में करीब 96 हजार, जबकि दसवीं में 88 हजार परीक्षार्थी पंजीकृत हुए हैं। प्रेक्टिकल परीक्षाएं 20 फरवरी से शुरू होंगे तथा 28 फरवरी तक प्रेक्टिकल परीक्षा का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। नकल रोकने के लिए फ्लाइंग स्क्वायड बनाए जाएंगे, साथ ही लाइव मॉनिटरिंग सेंटर भी स्थापित किया जाएगा, जोकि पूर्व की अपेक्षा बड़े स्तर पर होगी।