खूंटी, 06 फ़रवरी । तोरपा प्रखंड के बासकी गांव में नवनिर्मित नर्मदेश्वर शिव मंदिर के तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह का दूसरे दिन शुक्रवार को सुबह से ही मंदिर परिसर और गांव की गलियों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस अवसर पर नर्मदेश्वर शिवलिंग के साथ शिव परिवार—माता पार्वती, श्री गणेश और भगवान कार्तिक की प्रतिमाओं का भव्य नगर भ्रमण कराया गया। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों, शंखनाद और “हर हर महादेव” के जयघोष के बीच शोभायात्रा में शामिल हुए।
नगर भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर देव प्रतिमाओं का स्वागत किया। पूरा वातावरण भक्ति रस में डूबा रहा। इसके बाद मंदिर परिसर में जलाधिवास, पुष्पाधिवास, अन्नाधिवास, फलाधिवास तथा रुद्राभिषेक जैसे महत्वपूर्ण अनुष्ठान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से संपन्न कराए गए।
आचार्यों की ओर से किए जा रहे मंत्रोच्चार से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।
इसी क्रम में 24 घंटे का अखंड हरि कीर्तन भी प्रारंभ हुआ, जिसमें गांव के स्त्री-पुरुष, युवा और बच्चों के अलावा विभिन्न गांवों की चार कीर्तन मंडलियां भाग ले रही हैं। कीर्तन मंडलियों की मधुर भक्ति धुनों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया है। तीन दिवसीय इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे बासकी गांव में उत्सव जैसा माहौल है। ग्रामीण अपने-अपने स्तर पर सेवा, सजावट और व्यवस्थाओं में लगे हुए हैं।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि शनिवार को पूर्णाहुति के साथ प्राण प्रतिष्ठा समारोह का विधिवत समापन होगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंचने लगे हैं। इस आयोजन ने क्षेत्र में आध्यात्मिक एकता और सांस्कृतिक उत्साह का वातावरण निर्मित कर दिया है।