देहरादून, 05 फरवरी । मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने प्राधिकरण क्षेत्र में अनियोजित और अवैध विकास के खिलाफ गुरुवार को लगभग 125 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया। प्राधिकरण टीम ने अवैध रूप से विकसित की जा रही सड़कों और अन्य अस्थायी संरचनाओं को बुलडोजर से तोड़ दिया।
एमडीडीए की टीम ने होरावाला रोड, छरबा आईटीआई के पास 25 बीघा भूमि और लांघा रोड, छरबा, सहसपुर क्षेत्र में 100 बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग को निशाना बनाया गया। एमडीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर प्लॉटिंग की आंतरिक सड़कें, सीमांकन और अस्थायी निर्माण ध्वस्त किए। ध्वस्त करने की कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता शशांक सक्सेना, अवर अभियंता सिद्धार्थ सेमवाल, सुपरवाइजर मनीश नौटियाल सहित एमडीडीए का तकनीकी स्टाफ और पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा।
एमडीडीए ने आम नागरिकों से अपील की कि भूमि खरीदने या निर्माण कार्य शुरू करने से पहले प्राधिकरण से आवश्यक अनुमति अवश्य प्राप्त करें। प्राधिकरण ने कहा कि अवैध गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस संबंध में एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र में नियोजित विकास ही सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी को नियमों की अनदेखी कर अवैध कॉलोनियां विकसित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि बिना स्वीकृति किए गए निर्माण पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी और आमजन को सलाह दी कि वे अनुमति की पुष्टि करें ताकि भविष्य में कोई परेशानी न हो।