नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित युवक गिरफ्तार, धर्मांतरण के दबाव का भी आराेप

Share

कानपुर, 04 फरवरी । घाटमपुर थाना क्षेत्र में लव जिहाद के मामले में पुलिस ने खुद को समाजवादी पार्टी का नेता बताने वाले आरोपित युवक को गिरफ्तार कर बुधवार को उसका जुलूस (सड़काें पर पैदल घुमाना) निकाला। आरोप है कि शातिर युवक ने नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने फोटो वायरल करने की धमकी देकर वर्षों तक उसका शोषण किया। पीड़िता के बालिग होने पर आरोपित उस पर धर्मांतरण का दबाव बनाने लगा।

घाटमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रहने वाली युवती ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर बताया कि जब वह 16 वर्ष की थी। तभी आमिर जैदी ने उसे अपने प्रेम जाल में फसाया, फिर प्राइवेट फोटो और वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाता रहा। बदनामी के डर से वह चुप रही।

पीड़िता ने बताया कि 18 सितंबर 2025 को उसके घरवालों ने सगाई तय कर दी। विवाह की तिथि 14 फरवरी 2026 तय की गई। शादी की जानकारी मिलते ही आमिर जैदी अपने साथियों शनि उर्फ सनी अब्बास, रिजवी और राजा उर्फ अख्तर अंसारी के साथ मिलकर उनका मतांतरण कराने की कोशिश करने लगा। यही नहीं आरोपित आमिर जैदी उसे व्हाट्सएप काल कर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने लगा। ऐसा न करने पर फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। इसके अलावा आरोपित ने पीड़िता के ससुराल पक्ष को शादी न करने को लेकर डराया और धमकाया।

पीड़िता ने यह भी कहा कि वह खुद को समाजवादी पार्टी का नेता बताता था। वह कहता था कि उसकी पहुंच ऊपर तक है। कोई उसका कुछ नहीं कर पाएगा। जबकि घाटमपुर सपा विधानसभा अध्यक्ष राजू वर्मा ने बताया कि आरोपित आमिर जैदी का पार्टी से कोई संबंध नहीं है। वह काफी समय से न तो पार्टी का सक्रिय सदस्य है और न ही उसके पास कोई पद है।

घाटमपुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट, आईटी एक्ट, धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम और धमकाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा जा रहा है।