छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में ठंड का प्रकोप

Share

रायपुर, 04 फ़रवरी । छत्तीसगढ़ में मौसम में अचानक हुए बदलाव के चलते प्रदेश के कई इलाकों रात में हल्की ठंड और दिन में गर्मी का अहसास हो रहा है। प्रदेश के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्र में 3.1 से 4.5 किमी ऊंचाई तक एक पश्चिमी विक्षोभ चक्रीय परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तर-पूर्व पंजाब क्षेत्र में निचले स्तर पर एक प्रेरित चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है। एक और पश्चिमी विक्षोभ 5 फरवरी को और दूसरा 8 फरवरी को उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इनके अप्रत्यक्ष असर से प्रदेश में बादल छाने और हल्की मौसमी गतिविधियों की स्थिति बन सकती है

इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से आज 4 फरवरी को सरगुजा संभाग और उससे लगे बिलासपुर संभाग के जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई गई है। हालांकि प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा। प्रदेश के उत्तरी हिस्से और खासकर सरगुजा संभाग में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना जताई गई है। वहीं राजधानी रायपुर सहित मैदानी इलाकों में फिलहाल तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर और पेंड्रारोड जैसे उत्तरी क्षेत्रों में छिटपुट बारिश हो सकती है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में मंगलवार देर शाम तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हुई है। कई इलाकों में बिजली सप्लाई ठप रही।

आने वाले 2-3 दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्का कोहरा भी देखा जा सकता है। बादलों के कारण न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है, जिससे रात की ठंड में थोड़ी कमी आई है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रायपुर और राजनांदगांव में 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।

छत्तीसगढ़ मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी रायपुर, बस्तर संभाग और बिलासपुर में अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।