पटना, 03 फरवरी । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधानमंडल में वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने वाला बताया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर आधारित यह बजट समाज के सभी वर्गों-किसानों, उद्यमियों, युवाओं और महिलाओं का समान रूप से ध्यान रखने वाला है। यह एक सम्पूर्ण, समावेशी और विकासोन्मुखी बजट है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष बिहार का कुल बजट 3 लाख 47 हजार करोड़ रुपये से अधिक का है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 30 हजार करोड़ रुपये अधिक है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य की विकास दर 14.9 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो बिहार की मजबूत होती अर्थव्यवस्था को दर्शाता है।
नीतीश कुमार ने कहा कि यह बजट सरकार की ओर से लागू किए गए सात निश्चय-3 कार्यक्रमों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और इसके लिए राज्य में वित्तीय संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करते हुए ठोस पहल शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत हर परिवार की एक महिला को रोजगार से जोड़ने के लिए 2 लाख रुपये तक की सहायता का प्रावधान किया गया है। साथ ही राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया जा रहा है। यह बजट प्रत्येक परिवार को अवसर उपलब्ध कराने, युवाओं के कौशल विकास और महिलाओं के सशक्तीकरण के उद्देश्यों को मजबूती देगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि के क्षेत्र में अब तक किए गए प्रयासों से जो विकास हुआ है, उसे आगे बढ़ाने के लिए इस बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि बिहार बजट 2026-27, राज्य की अर्थव्यवस्था के विकास की रफ्तार को तेज करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार अपने राजकोषीय संसाधनों के समुचित और संतुलित प्रबंधन से बिहार के विकास को नई गति दे रही है। साथ ही केंद्र सरकार का भी राज्य को पूरा सहयोग मिल रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले कुछ वर्षों में बिहार देश के सबसे विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।————-