भाेपाल, 03 फ़रवरी । शिवपुरी जिले के अमोला थाना क्षेत्र के सिलानगर गांव में मंगलवार सुबह खेत में बनी झोपड़ी पर बिजली गिर गई। इस हादसे में 26 वर्षीय किसान वीरसिंह आदिवासी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय उनकी पत्नी और दो बच्चे भी झोपड़ी में मौजूद थे। पत्नी बच्चों को बचाने में सफल रही, लेकिन पति को नहीं बचा सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
हादसा मंगलवार सुबह करीब 5 बजे हुआ। सिलानगर गांव निवासी वीर सिंह आदिवासी (26) अपने खेत की सुरक्षा के लिए पत्नी और दो बच्चों के साथ खेत पर बनी झोपड़ी में रह रहे थे। सोमवार रात करीब 9 बजे परिवार ने साथ भोजन किया और झोपड़ी में सो गया। आधी रात के बाद मौसम अचानक बदला और रुक-रुक कर बारिश शुरू हो गई। रात के अंधेरे में अचानक तेज गर्जना हुई और कुछ ही क्षणों में आकाशीय बिजली झोपड़ी पर गिर पड़ी। जोरदार धमाके के साथ झोपड़ी में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि झोपड़ी देखते ही देखते आग का गोला बन गई।
पत्नी की बहादुरी से बच्चों की बची जान
बिजली गिरते ही झोपड़ी में अफरा-तफरी मच गई। वीर सिंह की पत्नी ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों बच्चों को गोद में उठाया और किसी तरह जलती झोपड़ी से बाहर निकाल लाई। हालांकि इसी दौरान वीर सिंह आग और बिजली की चपेट में आ गए। बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद पत्नी ने पति को बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन आग की लपटें और हालात इतने भयावह थे कि वह वीर सिंह तक नहीं पहुंच सकी। कुछ ही देर में युवक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
कई किलोमीटर तक गूंजा धमाका, गांव में पसरा मातम
मंगलवार सुबह गिरी आकाशीय बिजली की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस सुबह करीब 10 बजे मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आकाशीय बिजली गिरने से हादसा होना बताया है और मामले की जांच की जा रही है।