अनूपपुर, 03 फ़रवरी । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के चचाई थाना क्षेत्र के ग्राम बोड्डिहा में शासकीय तालाब पर अवैध कब्जे से नाराज सैकड़ों ग्रामीण मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में हो रही जनसुनवाई में पहुंच कर शिकायती पत्र सौंपकर तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो वे तालाब पर ही धरना प्रदर्शन करेंगे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी ने 95 आवेदनों पर जनसुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर दिलीप कुमार पाण्डेय, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ वसीम अहमद भट्ट, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर कमलेश पुरी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जैतहरी सतीश वर्मा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोतमा टी. आर. नाग, डिप्टी कलेक्टर प्राशी अग्रवाल, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों ने भी आवेदकों की समस्याएं सुनी।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम बोड्डिहा स्थित शासकीय भूमि खसरा क्रमांक 141/2 (रकबा 4.856 हेक्टेयर) पर यह शासकीय तालाब स्थित है। इसके अतिरिक्त, ग्राम पंचायत ने खसरा क्रमांक 160/1 (रकबा 6.014 हेक्टेयर) भूमि पर वृक्षारोपण भी कराया था। आरोप है कि अमर सिंह गोंड ने राजस्व निरीक्षक नत्थूलाल कोरी से फर्जी तरीके से इन भूमियों का नक्शा तरमीम (संशोधन) करा लिया है। इस नक्शा तरमीम के खिलाफ अनुविभागीय अधिकारी, अनूपपुर न्यायालय में अपील विचाराधीन है।
ग्रामीणों का कहना है कि अमर सिंह गोंड ने न केवल शासकीय भूमि पर कब्जा किया है, बल्कि अपनी स्वयं की कब्जे वाली भूमि पर भी अतिक्रमण कर तालाब और वृक्षारोपण की भूमि को अवैध रूप से हड़पने का प्रयास कर रहे हैं। इससे ग्रामीणों के साथ विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई है। ग्राम पंचायत घिरौल में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई है। ग्रामीणों ने बताया कि यह तालाब आसपास बसे सैकड़ों परिवारों के मवेशियों के लिए पानी, सिंचाई और अन्य दैनिक जरूरतों की पूर्ति करता है। गर्मी के दिनों में यह तालाब ग्रामीणों के लिए जीवनरेखा बना रहता है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के माध्यम से त्वरित कार्रवाई के लिए आवेदन प्रस्तुत किया है। उन्होंने अमर सिंह गोंड, पिता दादूलाल गोंड, निवासी ग्राम बोड्डिहा, ग्राम पंचायत घिरौल के खिलाफ अवैध अतिक्रमण और तालाब व वृक्षारोपण को नष्ट करने के आरोप में कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने राजस्व विभाग पर इस अवैध कब्जे पर आंखें मूंदे रखने का भी आरोप लगाया है।
जनसुनवाई के दौरान जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के ग्राम खरसोल निवासी भीमसेन सिंह द्वारा मुख्यमंत्री उद्योग क्रांति स्वरोजगार योजना का लाभ दिलाए जाने, तहसील पुष्पराजगढ़ के ग्राम बेंदी निवासी आंधी बाई ने आधार कार्ड बनाए जाने, तहसील अनूपपुर के ग्राम पिपरिया निवासी बब्बू प्रसाद पटेल ने नक्शा तरमीम कराए जाने, तहसील पुष्पराजगढ़ के ग्राम करनपठार निवासी रोहन सिंह ने विद्युत मीटर लगवाए जाने, तहसील कोतमा के ग्राम छिरमुड़ी निवासी चेतराम ने भूमि का बंटवारा कराए जाने, तहसील पुष्पराजगढ़ के ग्राम खेतगांव निवासी रावेन्द्र कुमार पड़वार ने समग्र आईडी में सुधार कराए जाने, तहसील अनूपपुर के ग्राम पोंड़ी निवासी जमुना प्रसाद महरा ने दिव्यांग पेंशन का लाभ दिलाए जाने के संबंध में आवेदन दिए।