जांजगीर चांपा: पुलिस पार्टी पर फायरिंग करने वाला फरार आरोपित गिरफ्तार

Share

जांजगीर-चांपा, 03 फरवरी (हि. स.)। पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर फरार होने वाले मुख्य आरोपित को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपित को इससे पहले पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगी थी, जिसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा था। स्वास्थ्य ठीक होने के बाद आज उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना शिवरीनारायण के अपराध क्रमांक 44/2026 एवं 46/2026 के तहत गंभीर धाराओं में दर्ज मामलों के फरार मुख्य आरोपित रामनाथ सबरिया पिता छोटे बाबू सबरिया, उम्र 22 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 01, राहोद थाना शिवरीनारायण की लगातार तलाश की जा रही थी। आरोपी घटना दिनांक से फरार चल रहा था।

दिनांक 01 फरवरी 2026 की देर रात मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपित ग्राम बोड़सरा में अपने रिश्तेदार के यहां छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम आरोपित की गिरफ्तारी के लिए ग्राम बोड़सरा पहुंची। मुखबिर से संपर्क के बाद शराब भट्टी के पास एक खंडहरनुमा मकान में आरोपित के छिपे होने की पुष्टि हुई।

पुलिस पार्टी ने मौके पर पहुंचकर अपना परिचय देते हुए आरोपित को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। इस दौरान आरोपित पुलिस को देखकर छिपने का प्रयास करते हुए भागने लगा। बार-बार चेतावनी देने के बावजूद आरोपित ने आत्मसमर्पण नहीं किया और अपने पास रखे देशी कट्टे को तानकर पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। गोली निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के सिर के ऊपर से गुजर गई, जिससे पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव ने न्यूनतम बल का प्रयोग करते हुए पहले चेतावनी स्वरूप हवाई फायर किया, लेकिन आरोपित ने फिर भी फायर करने का प्रयास किया। इसके बाद आत्मरक्षा में निरीक्षक द्वारा शासकीय पिस्टल से आरोपित के कमर के नीचे लक्ष्य करते हुए दो राउंड फायर किए गए, जिससे आरोपित के दाहिने पैर के घुटने के नीचे गोली लग गई। घायल आरोपित मौके पर ही बैठ गया, जिसे पुलिस ने काबू में लेकर तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल जांजगीर में भर्ती कराया।

स्वास्थ्य में सुधार होने पर डॉक्टरों द्वारा डिस्चार्ज किए जाने के बाद आरोपित को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपित को दिनांक 03 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता थाना प्रभारी सिटी, सहायक उप निरीक्षक अरुण सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर, महिला प्रधान आरक्षक जिवंती कुजूर, महिला आरक्षक रेखा यादव, आरक्षक नितेश विश्वकर्मा, विनोद राठौर एवं सुरेश कश्यप का विशेष योगदान रहा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।