अजमेर, 03 फ़रवरी । माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने बोर्ड परीक्षा-2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। बोर्ड की ओर से उच्च माध्यमिक, वरिष्ठ उपाध्याय, माध्यमिक, प्रवेशिका एवं व्यावसायिक परीक्षाएं 12 फरवरी से प्रारंभ होंगी। इन परीक्षाओं के लिए प्रवेश पत्र बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं।
प्रवेश पत्र संबंधित स्कूलों के शाला प्रधान एवं अग्रेषण अधिकारी अपनी आईडी व पासवर्ड से डाउनलोड कर सकेंगे। डाउनलोडिंग के बाद प्रवेश पत्रों की हार्ड कॉपी निकालकर प्रमाणीकरण कर परीक्षार्थियों को वितरित की जाएगी।
नियमित परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र शाला प्रधान, जबकि स्वयंपाठी परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र संबंधित अग्रेषण अधिकारी द्वारा वितरित किए जाएंगे।
यदि किसी प्रवेश पत्र पर परीक्षार्थी की फोटो मुद्रित नहीं है अथवा अस्पष्ट या त्रुटिपूर्ण है, तो शाला प्रधान या अग्रेषण अधिकारी सही फोटो लगाकर प्रमाणित करेंगे और बोर्ड कार्यालय को सूचना भेजकर संशोधन करवाएंगे। परीक्षा समाप्ति के बाद फोटो संशोधन पर किसी भी प्रकार का विचार नहीं किया जाएगा। अयोग्य परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र जारी करने की जिम्मेदारी संबंधित शाला प्रधान की होगी।
बोर्ड परीक्षा-2026 के संचालन के लिए बोर्ड कार्यालय में पांच फरवरी से कंट्रोल रूम शुरू किया जाएगा, जो 11 मार्च तक कार्यरत रहेगा। परीक्षा से जुड़ी शिकायतों के लिए 0145-2632866, 2632867 और 2632868 नंबरों पर संपर्क किया जा सकेगा। शिकायत दर्ज कराते समय संपर्क नंबर देना अनिवार्य होगा तथा शिकायत क्रमांक अवश्य प्राप्त करना होगा।
बोर्ड परीक्षा-2026 में कुल 19 लाख 86 हजार 422 विद्यार्थी शामिल होंगे। इनमें माध्यमिक (10वीं) के 10 लाख 68 हजार 610, उच्च माध्यमिक (12वीं) के 90 हजार 572, वरिष्ठ उपाध्याय के 4123 और प्रवेशिका के 7817 परीक्षार्थी शामिल हैं। परीक्षा के लिए राज्यभर में 6193 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने नियमित परीक्षार्थियों के लिए सत्रांक (आंतरिक मूल्यांकन अंक) ऑनलाइन भरने की प्रक्रिया तीन फरवरी से चार मार्च तक निर्धारित की है। विद्यालयों द्वारा सत्रांक बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे। सत्रांक भरने के बाद उसकी हार्ड कॉपी प्रिंट कर सुरक्षित रखनी होगी, बोर्ड कार्यालय में भेजने की आवश्यकता नहीं है।
निर्धारित अवधि में सत्रांक नहीं भरने या लॉक करने के बाद संशोधन के लिए 11 मार्च तक 50 रुपये प्रति परीक्षार्थी (अधिकतम 5 हजार रुपये प्रति विद्यालय) विलंब/संशोधन शुल्क देना होगा। इसके बाद 18 मार्च तक दोगुना शुल्क 100 रुपये प्रति परीक्षार्थी (अधिकतम 10 हजार रुपये प्रति विद्यालय) ई-मित्र के माध्यम से जमा कर संशोधन किया जा सकेगा।
इसके साथ ही बोर्ड परीक्षा-2026 के लिए उपस्थिति पत्रक, बैठक व्यवस्था, नामांकन की नॉमिनल रोल एवं प्रश्न पत्र संख्यात्मक सारिणी जैसी केंद्र सामग्री भी ऑनलाइन अपलोड की जाएगी। जिन शालाओं को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, उनके शाला प्रधान नियुक्त केंद्राधीक्षकों को यह समस्त सामग्री अनिवार्य रूप से मुद्रित कर उपलब्ध कराएंगे।