मप्रः 6 फरवरी से केवल ई-टोकन से मिलेगी खाद, लंबी-लंबी कतारों से किसानों को मिलेगी मुक्ति

Share

रीवा, 03 फरवरी । मध्य प्रदेश में आगागी छह फरवरी से किसानों को खाद वितरण में होने वाली परेशानियों को दूर करने, कृषकों को उर्वरक वितरण में पारदर्शिता और सरलता के उद्देश्य से ई-टोकन के माध्यम से खाद वितरण की व्यवस्था की गई है। ई-टोकन व्यवस्था से किसानों को लंबी-लंबी कतारों एवं परेशानियों से मुक्ति मिलेगी।

इस संबंध में जिला विपणन अधिकारी शिखा सिंह वर्मा ने मंगलवार काे बताया कि छह फरवरी के पश्चात ई-टोकन के माध्यम से ही खाद का वितरण किया जाएगा। किसी भी प्रकार का आफलाइन टोकन जारी नहीं होगा। खाद प्राप्त करने के इच्छुक किसान ई टोकन प्राप्त करने के लिए ई टोकन पोर्टल पर पंजीयन करा लें। जारी होने के तीन दिन तक ई टोकन वैध रहेगा।

किसानों को समझाइश दी गई है कि ई-टोकनडॉटएमपीकृषि डॉट ओआरजी को गूगल में डाले। इस पर जाकर कृषक का फोटो दिखेगा, उस पर अपने आधार नं. डाले, जिससे आधार से रजिस्टर्ड मो. नं. पर ओटीपी प्राप्त होगी, उसे उस पर डालकर वेरीफाई करे। ओटीपी डालने के बाद किसान की बनी फार्मर आईडी से लिंक खसरे दर्शित होंगे, जो एग्री स्टेक से जोड़े जाते है।

उन्हाेंने बताया कि दर्शित खसरे को वेरीफाईड करने हेतु पुनः कृषक अपने मो. नंबर का शुरू से छः अंक डाले और ओटीपी प्राप्त कर वेरी फाई करें और आगे प्रकिया करते हुये खसरे में अंकित रकवा के आधार पर स्वतः गणना कर सिस्टम बता देता है कि किसान को कितने बोरी उर्वरक मिलेगी। खाद कय करने हेतु नीचे रिटेलर दिखेंगे, जिनके पास स्टाक होगा, उसका अपनी सुविधानुसार चयन कर टोकन प्राप्त करे।