धमतरी, 29 जनवरी ।उत्तरी छत्तीसगढ़ में पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली है। गुरुवार सुबह धमतरी सहित आसपास के गांवों में आसमान में कोहरा छा गया। मौसम में बदलाव के चलते ठंड फिर से बढ़ गई है। सुबह के समय लोगों को काफी ठंड महसूस हुई।
मौसम विभाग ने पहले ही इस स्थिति को लेकर पूर्वानुमान जारी किया था, जिसमें पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर होने के साथ ही मध्य प्रदेश की ओर से ठंडी हवा के प्रवाह की संभावना जताई गई थी। इसका प्रभाव अब साफ तौर पर देखा जा रहा है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार पिछले कुछ दिनों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते हिमालय और उत्तराखंड क्षेत्र में भारी वर्षा और बर्फबारी हुई। वहीं पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई इलाकों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। मध्य प्रदेश की ओर से आ रही ठंडी और शुष्क हवाओं ने मौसम को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार अनुसार अगले दो दिनों तक ठंडी हवा का असर उत्त्तरी छत्तीसगढ़ में बना रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट की संभावना जताई गई है। सुबह के समय कोहरे का भी प्रभाव हो सकता है। इसके साथ ही 30 जनवरी के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है।
दलहन तिलहन की फसल को नुकसान होने का अंदेशा:
कृषि वैज्ञानिक डाॅ. शक्ति वर्मा ने कहा कि मौसम में आसमान में लगातार बादल छाए रहने से दलहन तिलहन की फसल को नुकसान होने का अंदेशा बना रहता है।
तैयार हो रही फसल में यदि कीड़े दिखे तो विशेषज्ञों से सलाह लेकर ही कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव करें।