मधुबनी,27 जनवरी । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज मधुबनी जिला के झंझारपुर प्रखण्ड के अररिया संग्राम स्थित दुर्गा मंदिर के निकट आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शुरू से ही शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष ध्यान दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2020 में सात निश्चय-2 के तहत सभी योजनाओं पर काफी काम हुआ है और जो भी काम बचे हैं उन्हें शीघ्र पूरा किया जायेगा। सात निश्चय-2 के तहत ही युवाओं के लिए 10 लाख नौकरी एवं 10 लाख रोजगार देना तय किया गया। अब तक 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी तथा 40 लाख लोगों को रोजगार दिया जा चुका है। अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार ने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है। बिहार के विकास में केन्द्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। 2024 के केन्द्रीय बजट में बिहार को विशेष आर्थिक सहायता के रूप में सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन, बाढ़ नियंत्रण के लिए बड़ी राशि देने की घोषणा की गयी। 2025 के बजट में बिहार में मखाना बोर्ड, एयरपोर्ट की स्थापना, पश्चिमी कोसी नहर के लिए वित्तीय सहायता आदि की घोषणा की गयी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में अगले 5 वर्षों (2025-2030) में कई कार्य कराये जायेंगे। सरकार द्वारा पहले कार्यकाल 2005-2010 तक, दूसरे कार्यकाल 2010-2015 तक, तीसरे कार्यकाल 2015-2020 तथा चौथे कार्यकाल 2020-2025 को मिलाकर चारों कार्यकाल में हर क्षेत्र में काम हुआ है ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले 5 वर्षों के लिए सात निश्चय 3 का गठन किया गया है। (1) दोगुना रोजगार दोगुनी आय राज्य की प्रति व्यक्ति औसत आय को दोगुना किया जायेगा तथा इसके लिए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत हर महिला को 10 हजार रूपये दिये गये हैं। जिनका रोजगार अच्छा चलेगा उन्हें 2 लाख रूपये तक की सहायता दी जायेगी। अगले 5 वर्षों में युवाओं को 1 करोड़ नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराये जाएंगे। इसके लिए नये युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग का गठन किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलों में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की जायेगी। नये बड़े उद्योगों के लिए मुफ्त भूमि एवं अनुदान दिया जा रहा है। पुरानी बंद चीनी मिलों को चालू किया जायेगा। कृषि विकास के लिए पहले से ही काफी काम किया गया है। इस काम में और तेजी लाने के लिए एक नये बिहार विपणन प्रोत्साहन निगम की स्थापना की गयी है। मखाना के उत्पादन को और बढ़ावा दिया जायेगा। डेयरी एवं मछली पालन पर विशेष जोर दिया जायेगा।
उन्नत शिक्षा उज्ज्वल भविष्य- राज्य में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक प्रखंड में आदर्श विद्यालय एवं डिग्री कॉलेज खोला जायेगा। एक नये एजुकेशन सिटी का निर्माण कराया जायेगा। स्वास्थ्य-सुरक्षित जीवन- स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर करने के लिए जिला एवं प्रखंड के अस्पतालों को विशिष्ट चिकित्सा केन्द्र बनाया जायेगा। राज्य में प्रतिष्ठित निजी अस्पतालों की स्थापना के लिए प्रोत्साहन दिया जायेगा। सरकारी चिकित्सकों की निजी प्रैक्टिस पर रोक लगाने की नीति लायी जायेगी। मजबूत आधार आधुनिक विस्तार- आधारभूत संरचनाओं को बेहतर किया जायेगा ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपको याद होगा कि मधुबनी जिले का पहले क्या हाल था। वर्ष 2005 से पहले की सरकार ने कुछ नहीं किया। हमलोगों ने मधुबनी जिले में विकास के सभी काम करा दिये हैं। इंजीनियरिंग कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक संस्थान की स्थापना की गयी है। महिला आईटीआई एवं सभी अनुमंडलों में आईटीआई की स्थापना की गयी है। झंझारपुर में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना की गयी है। जीएनएम एवं पारा मेडिकल संस्थानों की स्थापना की गयी। मधुबनी जिले में कर्पूरी छात्रावास एवं तीन आवासीय विद्यालय का निर्माण कराया गया है। कई पुलों एवं पथों का निर्माण कराया गया है।
मधुबनी से सुपौल होते हुए सहरसा जानीवाली सड़क का निर्माण कराया गया है। कमला नदी पर सड़क सह रेल पुल का पुनर्निर्माण कराया गया है। मधुबनी जिले में बाढ़ से बचाव के लिए कमला बालान एवं कोसी नदी के तटबंधों जीर्णोद्धार एवं पक्कीकरण किया जा रहा है।