गुरुग्राम, 27 जनवरी । दिल्ली में मेड की बेटी व दोस्त की पत्नी से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस की अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को गुरुग्राम-सोहना रोड स्थित घामड़ोज टोल प्लाजा के पास से काबू किया गया। आरोपी को दुष्कर्म के दो केसों में सजा हो चुकी है। अपनी पत्नी की बीमारी के कारण वह जमानत पर बाहर था। जमानत पर रहते हुए भी उसने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।जानकारी के अनुसार 33 वर्षीय आरोपी करण डोलतानी दिल्ली के उत्तम नगर के पास मटियाला एक्सटेंशन का रहने वाला है। उसके खिलाफ दिल्ली के बिंदापुर पुलिस स्टेशन में दो केस समेत अन्य स्थानों पर कई केस दर्ज हैं। इन सभी मामलों में पुलिस को उसकी तलाश थी। बताया जा रहा है कि आरोपी कमजोर लड़कियों को अपनी हवस का शिकार बनाता था। वह पहले उन्हें अपने विश्वास में लेता। फिर उनके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देता। वह कॉल सेंटर में काम करता था।वर्ष 2016 में आरोपी ने पहली बार अपने घर में मेड की बेटी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। उसके खिलाफ बिंदापुर थाने में केस दर्ज किया गया। अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए 10 साल की सजा सुनाई। दोषी ने अपनी पत्नी की बीमारी का हवाला देते हुए 28 दिन की जमानत ली। जमानत की अवधि पूरी होने के बाद वह वापस जेल लौटने की बजाय फरार हो गया।दूसरा अपराध उसने वर्ष 2022 में किया। उसने अपनी पत्नी की सहेली का अपहरण करके उसके साथ दुष्कर्म किया। इस बार भी केस बिंदापुर पुलिस थाना दिल्ली में ही दर्ज किया गया। इस अपराध में आरोपी पुलिस की नजरों से बचता रहा। इस मामले की जांच अपराध शाखा को सौंपी गई। अपराध शाखा की टीम ने आरोपी की खोज जारी रखी। इसी बीच कांस्टेबल मुकेश को उसके बारे में गुप्त सूचना मिली। पता चला कि आरोपी करण गुरुग्राम-सोहना रोड स्थित घामड़ोल टोल प्लाजा के पास आएगा। इस सूचना पर पुलिस सक्रिय हो गई। आरोपी पर तकनीकी रूप से भी नजर रखी गई। आखिरकार एसीपी राजपाल डबास के नेतृत्व में पुलिस ने उसे पकडऩे के लिए जाल बिछाया और मंगलवार को उसे घामड़ोज टोल प्लाजा के पास से काबू कर लिया गया।