सिरसा: शैक्षणिक संस्थानों में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस समारोह

Share

सिरसा, 26 जनवरी । सिरसा जिले के शैक्षणिक संस्थानों में सोमवार को गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। अतिथियों ने झंडा फहराया और बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी। चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि वर्ष 1950 में आज ही के दिन हमारा संविधान लागू हुआ और भारत विश्व का सबसे बड़ा गणतंत्र बना। हमारा संविधान लोकतंत्र का पावन ग्रंथ है, इस संविधान में भारत की आत्मा बसती है।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के सभी कर्मचारी यदि साथ मिलकर चलते हैं और प्रगति के नए आयाम स्थापित करते हैं तो ऐसा करके कहीं न कहीं राष्ट्र विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते है। कुलपति ने कहा कि संविधान में उपलब्ध प्रकथन को वास्तविक रूप प्रदान कर सही मायने में राष्ट्र का विकास सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सम्पन्नता के अंदर आर्थिक पक्ष के साथ-साथ सांस्कृतिक, सामाजिक, लोकतांत्रिक पक्ष भी सम्मोहित होते हैं।

जेसीडी विद्यापीठ में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित करते हुए इनेलो महिला विंग की राज्य प्रभारी सुनैना चौटाला ने कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे विस्तृत लिखित संविधान है, जो प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और गरिमा का अधिकार प्रदान करता है।

विद्यापीठ के महानिदेशक डॉ. जय प्रकाश ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें न केवल अधिकारों का स्मरण कराता है, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की भी याद दिलाता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय एवं सकारात्मक योगदान दें, तथा नवाचार और सेवा के माध्यम से भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाएं। उन्होंने कहा कि आज के समय में अनुशासन और नैतिक मूल्यों का पालन अत्यंत आवश्यक है।

नेशनल कालेज में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कालेज प्राचार्य डॉ. हरजिंद्र सिंह नेभारतीय संविधान की प्रशंसा करते हुए इसे विश्व का सर्वश्रेष्ठ संविधान बताया जो समावेशीता, न्याय और समानता के सिद्धांतों पर आधारित है।

इसके अलावा राजकीय महिला महाविद्यालय सिरसा में प्राचार्य डॉ. शत्रुजीत सिंह ने झंडा फहराया और बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहन प्रस्तुति दीं। नेशनल कालेज ऑफ एजुकेशन में प्राचार्य डॉ. पूनम मिगलानी ने झंडा फहराया। सीएमके कालेज में भी गणतंत्र दिवस समारोह बड़े धूमधाम से मनाया गया। प्राचाय डा. रंजना ग्रोवर ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें भारतीय संविधान में निहित मूल्यों-स्वतंत्रता, समानता, न्याय और बंधुत्व को अपने जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।