राजगढ़, 26 जनवरी । मध्य प्रदेश के जिला मुख्यालय राजगढ़ में पुलिस परेड ग्राउंड पर सोमवार को गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं समारोपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कलेक्टर डाॅ.गिरीशकुमार मिश्रा ने राष्ट्रीय ध्वज फहाराया एवं सलामी गारद का निरीक्षण कर परेड की सलामी ली।
समारोह में कलेक्टर डाॅ.मिश्रा ने मुख्यमंत्री का प्रदेश की जनता के नाम जारी संदेश का वाचन किया। मुख्य समारोह में सशस्त्र बल प्लाटून द्वारा हर्ष फायर किया गया। इसी दौरान कलेक्टर डाॅ.मिश्रा और पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने खुली जीप में परेड का निरीक्षण किया। समारोह में विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल (पुरुष/महिला), जिला होमगार्ड बल, शौर्य दल की टुकड़ियों के द्वारा आर्कषक परेड प्रस्तुत की गई। इसके बाद कलेक्टर डाॅ.मिश्रा ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान किया। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूल के छात्र-छात्राओं के द्वारा रंग-बिरंगी गणवेश में आर्कषक सामूहिक पीटी का प्रदर्शन किया। इसके उपरांत स्वामी विवेकानंद स्कूल, राजेश्वरी काॅन्वेंट स्कूल, कस्तूरबा गांधी छात्रावास, उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय द्वारा देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में जिला पंचायत एवं आजीविका मिशन, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, कृषि विभाग एवं आत्मा, उद्यान विभाग, वन मंडल, सर्वशिक्षा विभाग, जिला उद्योग केन्द्र, पशुपालन एवं मत्स्य विभाग द्वारा अपने-अपने विभागों की योजनाओं की आर्कषक झांकियों का प्रदर्शन किया गया। परेड प्रदर्शन में सीनियर डिवीजन में प्रथम पुरुष्कार जिला महिला पुलिस बल, द्वितीय पुरुष्कार जिला पुरुष पुलिस बल एवं तृतीय पुरुष्कार भूतपूर्व सैनिक राजगढ़ को मिला। इसी तरह जूनियर डिवीजन में प्रथम पुरुष्कार स्काउट दल सिनियर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, द्वितीय पुरुष्कार शौर्य दल एवं तृतीय पुरुष्कार रेडक्राॅस दल सीएम राईज राजगढ़ को मिला। सांस्कृतिक कार्यक्रम में राजेश्वरी काॅन्वेंट को प्रथम स्थान, स्वामी विवेकानंद द्वितीय स्थान एवं उत्कृष्ट विद्यालय के विद्यार्थी तृतीय स्थान पर रहे। विभागीय झांकी प्रदर्शन में कृषि विभाग प्रथम, सर्वशिक्षा विभाग द्वितीय एवं पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी- कर्मचारियों एवं समाज सेवियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में सांसद रोडमल नागर, विधायक राजगढ़ अमरसिंह यादव, जिला विकास एवं निगरानी सदस्य ज्ञानसिंह गुर्जर, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद साहू, जिला पंचायत सीईओ डाॅ.इच्छित गढ़पाले, अपर कलेक्टर प्रतापसिंह चैहान सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक और स्कूली विद्यार्थी मौजूद रहे।