चंडीगढ़, 25 जनवरी । पंचकूला में एक युवक ने प्रेम संबंधों में बाधा बन रहे अपनी महिला मित्र के एक साल के बच्चे की हत्या कर डाली। महिला जब आरोपित को मिलने के लिए जाती थी तो वह बच्चे को साथ लेकर जाती थी। यह उसे अखरता था। पुलिस ने बच्चे का शव बरामद करके आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मोहाली के डेराबस्सी की एक महिला व पिंजौर के अजय नामक युवक के बीच प्रेम संबंध थे। महिला जब भी अपने बॉयफ्रेंड से मिलने पिंजौर जाती थी, तो अपने बेटे रेयांश को साथ ही ले जाती थी। आरोपित को बच्चे का साथ होना पसंद नहीं था। आरोपित ने महिला से बच्चे को क्रैच में दाखिल करने के लिए कहा। महिला ने 24 जनवरी को बच्चे को पहली बार सेक्टर-12 के एक क्रैच में भर्ती कराया, लेकिन इसके कुछ ही देर बाद आरोपित युवक क्रैच में पहुंच गया। संचालिका को झांसा दिया कि वह बच्चे का पिता है। इसके बाद संचालिका ने बच्चे की मां से कॉल करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन स्विच ऑफ था। इसके बाद उसने आरोपित को बच्चा सौंप दिया। आरोपित ने सुखोमाजरी बाईपास के पास बच्चे की हत्या कर कर शव झाड़ियाें में फेंक दिया। पुलिस ने रविवार को आरोपित को गिरफ्तार करके बच्चे का शव बरामद कर लिया है। पंचकूला के एसीपी अरविंद कंबोज ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश करके चार दिन का रिमांड लिया गया है।