कानपुर, 22 जनवरी । उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार कानपुर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का भव्य स्वागत हुआ। कार्यकर्ताओं का अटूट प्रेम व विश्वाश देख गदगद प्रदेश अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके निष्ठावान कार्यकर्ता हैं। देश में एकमात्र भाजपा ही राजनीतिक पार्टी है जो कार्यकर्ता आधारित है और यहां के कार्यकर्ता को कब कौन सी अहम जिम्मेदारी मिल जाए शायद उसे भी पता नहीं होता। वहीं विपक्ष में सब कुछ पहले से ही तय होता है और इन दिनों हम देख रहे हैं कि विपक्ष प्रयागराज, वाराणसी और वीबी—जी राम जी आदि मुदृदों को लेकर नैरेटिव सेट करने में जुटा है। ऐसे में कार्यकर्ता घर—घर जाकर सच्चाई बताएं ताकि इनका नैरेटिव सेट न होने पाए और 2027 में 2017 से बड़ी जीत के लिए अभी से एक्टिव हो जाएं।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने गुरुवार को कानपुर के छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के वीरांगना लक्ष्मी बाई प्रेक्षागृह में भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज बहुत ही पवित्र दिन है, क्योंकि आज ही के दिन दो वर्ष पूर्व 2024 में अयोध्या में हमारे इष्ट देव भगवान राम के मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा हुयी थी। उन्होंने कहा कि मैं अपनी ओर से और आप सभी की ओर से उन सभी पवित्र आत्माओं को नमन करता हूँ जिनके संघर्षों से ही अयोध्या में हमारे आराध्य भगवान राम का मंदिर निर्माण का सपना साकार हुआ।
राष्ट्र सेवा के लिए हुई थी भाजपा की स्थापना
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा की स्थापना सत्ता के लिए नहीं बल्कि राष्ट्र सेवा के लिए हुई थी। मुझे गर्व है कि मैं ऐसी पार्टी का सदस्य हूँ और पार्टी ने मुझे देश के सबसे बड़े राज्य का अध्यक्ष बनाया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने मुझपे विश्वास दिखाया और 1991 से लेकर 2024 तक सात बार मुझे भारत की संसद में भेजा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आज के दिन मैं भाजपा के संस्थापक स्व. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी को स्मरण कर उनको श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। आदरणीय मुखर्जी जी के शब्द एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे। यह हमारी पार्टी का संकल्प रहा हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आर्टिकल 370 को समाप्त करके इस संकल्प को पूरा किया है।
भव्य राम मंदिर निर्माण से सदियों पुराना स्वप्न हुआ साकार
चौधरी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार की सभी योजनाओं को सेवा, सुशासन एवं ग़रीब कल्याण के लिए समर्पित किया गया है, जिससे अंत्योदय दर्शन को साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के जयघोष के साथ श्री राम जन्म भूमि पर भव्य राम मंदिर के निर्माण से देश का सदियों पुराना स्वप्न साकार हुआ है। काशी में बाबा विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक सहित देश के सभी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक केंद्रों के विकास से पूरे विश्व ने दिव्य, भव्य, आलौकिक भारतीय सांस्कृतिक आभा के दर्शन किए है।
सबसे मूल्यवान कार्यकर्ता
पंकज चौधरी ने कहा कि मेरे राजनीतिक दृष्टिकोण में कार्यकर्ता सबसे मूल्यवान है। उन्होंने कहा कि जब मेरे अध्यक्ष बनने की घोषणा हुयी थी तब कुछ लोगों ने कहा कि भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष ने हमेशा केन्द्र की राजनीति की है। मैंने सब सुना और चुप रहा क्योंकि शब्दों से नहीं मैं कर्म से जवाब देने में विश्वास रखता हूँ। मैं आप सबको विश्वास दिलाता हूँ कि मेरे काम करने की शैली इन सब बातों का जवाब होगी। उन्होंने कहा कि मेरी आप सब से भी यही अपेक्षा है की आप सभी मेरे साथ कंधा से कंधा मिलाकर साथ काम करें और साथ चलें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता का दायित्व किसी भी दायित्व से बड़ा है, मुझसे, आपसे, हम सबसे बड़ा है।क्संगठन ही हम सबकी स्ट्रेंथ है, संगठन ही हम सब राजनीतिक लोगों की पहचान है। मैं प्रदेश अध्यक्ष और वित्त राज्य मंत्री होने से पहले संगठन का एक कार्यकर्ता हूँ।
आज भारत की बात सुनता है विश्व
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों से देश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। अमेरिकी टैरिफ के बाबजूद देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। एक्सप्रेसवे, डिफेंस एक्सपोर्ट, स्टार्टअप कल्चर से देश विश्व में सामरिक और आर्थिक रूप से मजबूत हुआ है। पहले भारत बोलता था तो कोई सुनता नहीं था, मोदी जी के नेतृत्व में आज भारत की बात विश्व सुनता भी है और मानता भी है।
उत्तर प्रदेश से ही जाता है दिल्ली का रास्ता
उन्होंने कहा कि केन्द्र का रास्ता उत्तर प्रदेश से ही जाता है, इसलिए 2027 के विधानसभा चुनाव में 2017 से बडी विजय के लिए हमे जुटना है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का सेकंड फेज चल रहा है। हमे जुटकर एक-एक घर में पहुंचकर किसी भी कारण से अब तक छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने का काम करना है। इसके साथ ही भारत सरकार विकसित भारत- जी राम जी अधिनियम लेकर आयी है। हमे श्रमिकों, ग्रामीणों, किसानो तक इस अधिनियम की सच्चाई लेकर पहुंचना है। उन्होंने कहा कि मनरेगा खराब गुणवत्ता, अस्थाई परिसंपत्तियां, व्यापक भ्रष्टाचार, किसानों को समस्या, कम मजदूरी, लेट मजदूरी पेमेंट के करण भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का केंद्र बन चुका था। जबकि विकसित भारत – जी राम जी में ग्रामीण परिसंपत्तियों पर फोकस, ग्राम सभा स्तर पर कार्य योजना, तकनीकी का प्रयोग, भ्रष्टाचार का अंत, 125 दिन का काम, 7 दिन के अंदर पेमेंट, किसानों के हितों की रक्षा की गारंटी लेकर जनसंवाद करिए और विपक्ष के भ्रम और अफवाहों को समाप्त करिए।
संत समाज का सदैव भाजपा को रहा आशीर्वाद
पंकज चौधरी ने मीडिया से बात करते हुए प्रयागराज में संत विवाद पर कहा कि संत समाज हमेशा से भारतीय जनता पार्टी को अपना आशीर्वाद देता आया है जो भी वीडियो सामने आए हैं उन सभी की जांच कराई जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मणिकर्णिका घाट के मामले पर पंकज चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार हमेशा विकास और आस्था को साथ लेकर चलती है। वहीं कानपुर में मेयर और पार्षद के विवाद पर बोले कि यह परिवारिक मामला है आपस में बैठकर विवाद को खत्म कर लिया जाएगा।