सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने गुरूवार को निर्माण स्थल का निरीक्षण कर मध्यप्रदेश भवन विकास निगम के अधिकारियों एवं ठेकेदार से कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यह आयुर्वेद महाविद्यालय तिली माफी क्षेत्र में 7.50 एकड़ भूमि पर विकसित किया जा रहा है।
प्रस्तावित संस्थान में 14 शैक्षणिक विभागों के साथ 100 बिस्तरों वाला आधुनिक आयुर्वेदिक अस्पताल स्थापित किया जाएगा, जहां पंचकर्म सहित विभिन्न आयुष उपचार सेवाएं उपलब्ध होंगी। प्रारंभिक चरण में बीएएमएस एवं अन्य स्नातक पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे, जबकि भविष्य में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की भी योजना है।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार भी उपस्थित रहे। विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि यह परियोजना सागर सहित पूरे बुंदेलखंड को आयुष शिक्षा, अनुसंधान और चिकित्सा का प्रमुख केंद्र बनाएगी तथा क्षेत्र के जनस्वास्थ्य को नई दिशा देगी।
हिन्दुस्थान समाचार/मनीष कुमार चौबे