-शंखनाद व हवन के साथ हुई गीता महोत्सव के दूसरे दिन की शुरुआत
गुरुग्राम, 30 नवंबर । गीता जयंती महोत्सव के दूसरे दिन रविवार को कार्यक्रम की शुरुआत शंखनाद एवं हवन के साथ की गई। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह द्वारा गीता जयंती महोत्सव में मुख्य अतिथि रहे। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग व जिला प्रशासन गुरुग्राम की संयुक्त भागीदारी के साथ आयोजित किए जा रहे गीता जयंती महोत्सव में सांस्कृतिक मंच का शुभारंभ गीता के श्लोक व मंत्रोचारण के साथ किया गया। इस दौरान उन्होंने भव्य शोभा यात्रा को भी झंडी दिखाकर रवाना किया।
गीता महोत्सव के नोडल अधिकारी एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुमित कुमार तथा डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार ने मुख्य अतिथि राव नरबीर सिंह व विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी का स्वागत किया। मुख्यातिथि ने गीता जयंती महोत्सव में लगाई गई स्टाल का अवलोकन करते हुए स्टाल संचालकों से उनकी स्टाल के बारे में जानकारी प्राप्त की। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने गीता महोत्सव के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवत गीता केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला मार्गदर्शन है। उन्होंने कहा कि गीता के उपदेश हर युग में प्रासंगिक हैं और मनुष्य को धैर्य, संयम, कर्तव्यनिष्ठा तथा सत्कर्मों की राह पर चलने की प्रेरणा देते हैं। राव नरबीर सिंह ने कहा कि जब जीवन में कोई चुनौती या भ्रम सामने आता है, तब गीता हमें स्पष्टता और साहस प्रदान करती है। राव ने कहा कि हरियाणा सरकार ने राज्य में आध्यात्मिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक वातावरण को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिससे नई पीढ़ी के अंदर उत्तम संस्कार विकसित हो रहे हैं।
महोत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
महोत्सव में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिकता और लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर कर दिया। कलाकार मोंटी शर्मा द्वारा प्रस्तुत हरियाणवी नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसने कार्यक्रम में ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। पूरे आयोजन में बच्चों और कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गीता जयंती के इस पावन उत्सव को यादगार बना दिया।