पंजाब: फिरोजपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यकर्ता की गोली मार कर हत्या

Share

पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के साथ कई दशकों से जुड़े बलदेव राज अरोड़ा के पुत्र नवीन अरोड़ा की फिरोजपुर के मुख्य बाजार में मनियारी की दुकान है। रोजाना की तरह शनिवार रात जब वह दुकान बंद कर घर जा रहे थे तो रास्ते में अज्ञात युवकों ने नवीन को घेरकर गोली मार दी। गोली नवीन के सिर में लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने नवीन को फिरोजपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। एसएसपी भूपेंद्र सिंह तथा विधायक रणवीर सिंह ने भी आज सुबह घटनास्थल का दौरा किया और मृतक के परिजनों से बातचीत की। एसएसपी ने बताया की पुलिस ने पूरे क्षेत्र से सीसीटीवी की फुटेज को कब्जे में ले लिया है और हमलावरों की पहचान की जा रही है। बहुत जल्द आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रारंभिक जांच में यह मामला अराजकता फैलाने वाला प्रतीत हो रहा है। हमलावरों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की कई टीम में काम कर रही हैं।

मृतक नवीन अरोड़ा के दादा स्वर्गीय दीनानाथ अरोड़ा पंजाब के प्रमुख संघ कार्यकर्ताओं में से एक रहे हैं। उन्होंने आजादी के समय पंजाब के सीमावर्ती जिलों में शाखा का संचालन शुरू करवाया।