देहरादून, 14 नवंबर । मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि बिहार की जनता ने झूठ, भ्रम और नकारात्मक राजनीति को सिरे से नकारते हुए परिवारवाद और जंगलराज को दरकिनार कर सुशासन को पुनः तरजीह दी है। डबल इंजन की सरकारें लगातार राज्यों को विकास की पटरी पर दौड़ने के साथ जनता को विश्वास में लेकर को गति देने का काम कर रही है।
आज शाम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बिहार विधानसभा की प्रचंड जीत पर जश्न मनाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं के मध्य संवाद में विजयी उम्मीदवारों, कार्यकर्ताओं और बिहार की जनता को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की जनता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि विकास आधारित राजनीति ही उनकी पहली पसंद है। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली प्रचंड और ऐतिहासिक जीत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर जनता के गहरे विश्वास का परिणाम है। यह जनादेश बताता है कि राज्य स्थिर सरकार, बेहतर शासन और निरंतर प्रगति चाहता है। वहां महागठबंधन की हार यह साफ करती है कि बिहार अब परिवारवाद और भ्रम फैलाने वाली राजनीति को पूरी तरह अस्वीकार कर चुका है। जनता ने विकास, सुशासन और पारदर्शिता को ही अपना मार्गदर्शन बनाया है। उन्होंने इस जीत को हमारे कार्यकर्ताओं की समर्पित मेहनत और जनता के अपार समर्थन का सम्मान बताया है।
मुख्यमंत्री ने सवालों के जवाब देते हुए कहा कि उत्तराखंड सहित अन्य सभी प्रदेश जहां चुनाव होने हैं वहां की जनता भी कांग्रेस पार्टी को सबक सिखाने के लिए बहुत बेसब्री से इंतजार कर रही है।
प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि देश के अन्य राज्यों की भांति बिहार की जनता ने भी पुनः साबित किया है कि भाजपा और उनकी सहयोगी पार्टियां की सरकारों में जनहित के सर्वोच्च कार्य होते हैं। वहां की जनता ने भी तुष्टिकरण, जातिवादी, विकास विरोधी, वंशवादी राजनीति को सिरे से नकार दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसी तमाम जीतों से ऊर्जा लेकर हम सबको 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए पूर्ण क्षमता से जुटना है। डबल इंजन सरकार के ऐतिहासिक कार्यों से जिस तरह का माहौल प्रदेश में है उसके चलते कमल का खिलना तय है। हमे जनता के बीच जाकर उनका आशीर्वाद लेना है ताकि जीत का आंकड़ा नए रिकॉर्ड छू सके।
प्रदेश मुख्यालय में हुए इस जश्न में कार्यकर्ताओं ने दिवाली की तरह जमकर आतिशबाजी की और एक दूसरे को होली के रंग लगाकर बधाई दी। ढोल के थाप पर नाचते गाते कार्यकर्ताओं की गगनचुंबी नारेबाजी ने माहौल और भी उत्सवर्धक बना दिया।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजान दास, उमेश काऊ, सविता कपूर, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार दीप्ति रावत, प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, प्रदेश मंत्री गौरव पांडे, सतीश लखेड़ा, कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, प्रदेश मीडिया सह संयोजक राजेंद्र सिंह नेगी, प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन, दायित्वधारी सुभाष बड़थ्वाल, विनोद उनियाल, शादाब शम्स, मधु भट्ट, युवा मोर्चा अध्यक्ष विपुल मंडोली, सिद्धार्थ अग्रवाल सुमित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
———-