नवम्बर में सर्दी से कांप उठा हिमाचल, माइनस में तीन शहरों का पारा

Share

लाहौल–स्पीति के केलंग में बीती रात न्यूनतम तापमान –3.6 डिग्री रहा, जबकि कुकुमसेरी –4.1 डिग्री तक ठंडा रहा। ताबो में पारा –5.3 डिग्री तक गिर गया, जिससे यहां सर्दी का असर सबसे ज्यादा महसूस किया गया।

राजधानी शिमला में तापमान 8.4 डिग्री दर्ज हुआ, लेकिन आश्चर्यजनक रूप से मैदानों के कई शहर शिमला से ज्यादा ठंडे रहे। हमीरपुर में पारा 5.3 डिग्री तक आ गया, जो शिमला से काफी नीचे है। सुंदरनगर 4.6 डिग्री, भुंतर 2.8 डिग्री और सोलन 3.2 डिग्री पर रहा। इसके अलावा पालमपुर 5.5 डिग्री, सराहन 5.5 डिग्री और बजुआरा 4.4 डिग्री पर दर्ज हुआ।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते कुछ दिनों में मौसम तेजी से बदला है और रात में आवश्यकता से अधिक ठंड पड़ रही है।

पर्यटन नगरी मनाली का तापमान 1.9 डिग्री रहा, जिसके चलते सुबह ठंडी हवा ने लोगों को कंपा दिया। कांगड़ा 7.4 डिग्री, मंडी 6.2 डिग्री, बिलासपुर 8 डिग्री और धर्मशाला 8.4 डिग्री पर रहा। ऊना में तापमान 8.5 डिग्री, जुबरहट्टी 8.6 डिग्री, कसाौली 9.8 डिग्री, बरमौर 6.3 डिग्री और पांवटा साहिब 12 डिग्री दर्ज हुआ। नारकंडा 3.8 डिग्री, रेकोंगपिओ 3.3 डिग्री, सीओबाग 1.8 डिग्री और देहरा गोपीपुर 8 डिग्री पर रहा। नेरी में तापमान 11 डिग्री और बरठीं में 6.2 डिग्री दर्ज किया गया।

इस बीच शुक्रवार को भी पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र ने स्पष्ट किया है कि 20 नवम्बर तक हिमाचल में बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। साफ आसमान के बीच ठंडी हवाएं आने वाले दिनों में और असर दिखाएंगी और रात के तापमान में और गिरावट की संभावना है।