अंबिकापुर : 20 नवंबर को सरगुजा आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, अंबिकापुर में शुरू हुई तैयारियां

Share

राष्ट्रपति मुर्मू लगभग एक घंटे के लिए अंबिकापुर में रहेंगी। वे पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगी। उनके आगमन के लिए गांधी स्टेडियम में हेलीपैड तैयार किया जा रहा है। प्रमुख सचिव बोरा ने स्टेडियम पहुंचकर हेलीपैड स्थल, सुरक्षा प्रबंध, मार्ग व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास की स्थिति तथा आसपास की स्वच्छता का जायजा लिया।

मुख्य कार्यक्रम पीजी कॉलेज मैदान में होगा, जहां एक लाख से अधिक लोगों की उपस्थिति की संभावना है। इसके मद्देनजर मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था, वीआईपी द्वार, यातायात व्यवस्था, बिजली, पेयजल और पार्किंग की तैयारियां बड़े पैमाने पर की जा रही हैं। सोनमणि बोरा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता और सौंदर्यपूर्ण ढंग से समय पर पूरी हों।

उन्होंने पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाली संगोष्ठी की तैयारी भी देखी और अधिकारियों को कार्यक्रम को समयबद्ध व सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सरगुजा कमिश्नर नरेन्द्र दुग्गा, कलेक्टर विलास भोसकर, पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल सहित कई अधिकारी मौजूद थे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सरगुजा आने वाली देश की दूसरी राष्ट्रपति होंगी। इससे पहले स्वतंत्र भारत के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद सरगुजा प्रवास पर आए थे। वे अविभाजित सरगुजा के पंडोनगर पहुंचे थे, जहां उनके सम्मान में एक राष्ट्रपति भवन का निर्माण कराया गया था। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने पंडो और कोरवा जनजाति समाज को गोद लेकर सरगुजा से विशेष संबंध जोड़ा था।