(अपडेट) कैंची धाम से लौट रहे दिल्ली के पर्यटकों का वाहन खाई में गिरा, दो की माैत व 15 घायल

Share

अस्पताल पहुंच कर घायलाें का हाल जाना।

पुलिस के अनुसार दिल्ली के बदरपुर क्षेत्र के पर्यटकों का एक दल बाबा नीब करौरी के दर्शन के लिए कैंची धाम आया था। शनिवार देर रात्रि लगभग 10 बजे वे टेंपो ट्रैवलर से यह लाेग दिल्ली लौट रहे थे कि दोगांव क्षेत्र में मटियाल बैंड के पास वाहन तीव्र मोड़ पर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। दुर्घटना की आवाज सुनते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। लगभग 10:47 बजे सूचना मिलते ही ज्योलीकोट चौकी प्रभारी श्याम सिंह बोरा पुलिस बल और एसडीआरएफ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अंधेरा और दुर्गम भूभाग होने के बावजूद दो घंटे तक चले खोज एवं बचाव अभियान के बाद सभी घायलों को खाई से सुरक्षित निकाला गया। तत्पश्चात 108 सेवा व अन्य एंबुलेंसों से घायलों को डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय हल्द्वानी, चंदन चिकित्सालय तथा सेंट्रल चिकित्सालय हल्द्वानी में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार मृतकाें की पहचान रोहतक हरियाणा निवासी वाहन चालक सोनू कुमार (32) और दिल्ली के बदरपुर निवासी गौरव बंसल के रूप में हुई है। इनके अतिरिक्त वाहन में सवार 15 पर्यटक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलाें की पहचान अंशिका उम्र 21 वर्ष पुत्री अनिल अग्रवाल, सोनिया उम्र 32 वर्ष पत्नी अजय अग्रवाल, सुशांत उम्र 8 वर्ष, दिशा उम्र 5 वर्ष, निकिता उम्र 20 वर्ष पुत्री सुदेश अग्रवाल, श्वेता उम्र 25 वर्ष पत्नी विजय अग्रवाल, पूर्वा उम्र 8 माह, यशी उम्र 2 वर्ष पुत्री अनु अग्रवाल, अजय अग्रवाल उम्र 34 वर्ष पुत्र रमेश अग्रवाल, अनु अग्रवाल पुत्र सुदेश अग्रवाल, शिल्पी अग्रवाल उम्र 28 वर्ष पत्नी अनु अग्रवाल, हेमंत अग्रवाल पुत्र सुदेश अग्रवाल, श्रुति अग्रवाल उम्र 28 वर्ष पत्नी हेमंत अग्रवाल, वंश अग्रवाल पुत्र अनिल अग्रवाल और विजय अग्रवाल उम्र 30 वर्ष पुत्र रमेश अग्रवाल के रूप में हुई है। यह सभी थाना बदरपुर नई दिल्ली के निवासी है।

एसएसपी में चिकित्सालय ने जाना घायलाें का हाल

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी चिकित्सालय पहुंचे और घायलों से मिलकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि रात 10:47 बजे दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। सभी घायलों का उपचार डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय और निजी चिकित्सालयों में चल रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार वाहन तीव्र मोड़ पर तेज गति में होने के कारण अनियंत्रित होकर खाई में गिरा। दुर्घटना की विस्तृत जांच जारी है।